नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi )ने वर्चुअल माध्यम के जरिए सोमनाथ मंदिर से जुड़े कई नए प्रोजेक्ट्स की शुरुआत की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भले ही वह वर्चुअली माध्यम से जुड़े हैं, लेकिन मन से सोमनाथ भगवान के चरणों में ही हैं।
आस्था को आतंक से नहीं कुचला जा सकता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि सोमनाथ मंदिर में किसी को सिर्फ एक मंदिर नहीं दिखता है, बल्कि ऐसा अस्तित्व है जो मानवता के मूल्यों की घोषणा करता है। पीएम मोदी ने कहा कि आस्था को आतंक से नहीं कुचला जा सकता है, मंदिर को सैकड़ों सालों के इतिहास को कई बार तोड़ा गया और मूर्तियों को खंडित किया गया। इसका अस्तित्व मिटाने की कोशिश की गई, ये मंदिर जितनी बार गिराया गया उतनी ही बार खड़ा हुआ है।
जो तोड़ने वाली शक्तियाँ हैं, जो आतंक के बलबूते साम्राज्य खड़ा करने वाली सोच है, वो किसी कालखंड में कुछ समय के लिए भले हावी हो जाएं लेकिन, उसका अस्तित्व कभी स्थायी नहीं होता, वो ज्यादा दिनों तक मानवता को दबाकर नहीं रख सकती:
जो तोड़ने वाली शक्तियाँ हैं, जो आतंक के बलबूते साम्राज्य खड़ा करने वाली सोच है, वो किसी कालखंड में कुछ समय के लिए भले हावी हो जाएं लेकिन, उसका अस्तित्व कभी स्थायी नहीं होता, वो ज्यादा दिनों तक मानवता को दबाकर नहीं रख सकती: PM @narendramodi
— PMO India (@PMOIndia) August 20, 2021
पीएम मोदी ने कहा कि आतंक के बलबूते साम्राज्य खड़ा करने वाली शक्तियां कुछ समय के लिए भले ही खड़े हो जाएं लेकिन उनका अस्तित्व स्थायी नहीं हो सकता है। पीएम मोदी ने कहा कि राम मंदिर के रूप में नए भारत के गौरव का स्तंभ खड़ा हो रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि हमारी सोच होनी चाहिए इतिहास से सीखकर वर्तमान को सुधारने की, एक नया भविष्य बनाने की. इसलिए, जब मैं ‘भारत जोड़ो आंदोलन’ की बात करता हूं तो उसका भाव केवल भौगोलिक या वैचारिक जुड़ाव तक सीमित नहीं है। ये भविष्य के भारत के निर्माण के लिए हमें हमारे अतीत से जोड़ने का भी संकल्प है।
सरदार पटेल ने इस मंदिर को फिर से बनाया: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि सरदार पटेल ने इस मंदिर को फिर से बनाने का फैसला किया था, आज आजादी के अमृत महोत्सव के दौरान हम इस मंदिर नया रूप दे रहे हैं। पीएम मोदी ने कहा कि पर्यटन से कैसे विकास तेज होता है, गुजरात ने इसका उदाहरण देखा है। पर्यटन के दम पर लोकल अर्थव्यवस्था मजबूत होता है। सोमनाथ मंदिर पर अब अलग-अलग प्रोजेक्ट आने से पर्यटकों को सुविधाएं मिल सकेंगी।
