जयपुर। कांग्रेस आलाकमान से लगातार मिल रहे सकारात्मक संकेतों के बीच पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी आज से जयपुर वापस लौट आएं। माना जा रहा है कि जल्द ही आलाकमान ने जो वादे किए थे उनके पूरे करने का सिलसिला एक-एक करके शुरू हो जाएगा।
मंत्रिमण्डल,राजनैतिक नियुक्तियों आदि को लेकर सीएम अशोक गहलोत के निकटवर्ती सूत्र भी इसी तरह का संकेत दे रहे है। दोनों गुटों के बीच बयानबाजी भी फिलहाल रूक गई हैं।
कांग्रेस के प्रभारी महासचिव अजय माकन ने कल नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में कहा ही था कि राजस्थान को लेकर सबकुछ प्रोग्रेस पर है। हालांकि न तो माकन ने कोई तारीख बताई है और ना ही सीएमआर से किसी तरह की तारीख सामने आई है पर माना यह जा रहा है कि विधानसभा के मानसून सत्र से पूर्व मंत्रिमण्डल राजनैतिक तथा संगठन की नियुक्तियों के अधिकतर मामले निपट सकते हैं। इस बीच जयपुर पहुंचे पायलट इन खबरों से दूर गुरुवार को नियमित जनसुनवाई करेंगे।
वैसे पायलट के आज जयपुर पहुंचते ही समर्थकों से मेल मुलाकात का दौर शुरू हो गया। शाम को विधायक रमेश मीणा, बृजेन्द्र ओला और सुरेश मोदी आदि ने मुलाकात की।
