Headlines

सचिन पायलट को जो नाराजगी थी उस पर हम काम कर रहे हैं,मंत्रिमंडल फेरबदल पर फैसला जल्द, तारीख मत पूछिए,बस! वर्क इन प्रोग्रेस

जयपुर। कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी एवं राष्ट्रीय महासचिव अजय माकन ने मंत्रिमंडल फेरबदल और सचिन पायलट कैंप के अनसुलझे मुद्दों पर कहा कि जल्द फैसला सामने आने का दावा किया है,लेकिन उसकी तारीख बताने से इनकार कर दिया। मंत्रिमंडल में लगातार हो रही देरी के सवाल पर अजय माकन ने कहा, अब समय तय होना है, इसकी टाइमिंग पार्टी तय करेगी। मैं सबके संपर्क में हूं। अशोक गहलोत, सचिन पायलट सहित सभी नेताओं के लगातार संपर्क में हूं। हाईकमान जो कदम उठा रहा है उसके बारे में उन्हें बता दिया है। वर्क इन प्रोग्रेस, फैसला जल्द लिया जाएगा, मुझसे तारीख मत पूछिए।

माकन ने यह भी दावा किया कि मंत्रिमंडल विस्तार में देरी भी हमारी रणनीति का एक हिस्सा है। हम जानते हैं हमें कब क्या करना है? क्या आपने किसी को खुलकर विरोध में अलग आवाज उठाते देखा है? नहीं देखा न। पूरी तरह शांति है,चुप्पी का कारण यही है कि हम पहले से ही मुद्दों का समाधान कर चुके हैं, आप भी जल्द ही इसके बारे में जान जाएंगे। पार्टी में साइलेंस हो रहा है तो कुछ क्रेडिट कांग्रेस हाईकमान को देना चाहिए। चुप्पी इसलिए है कि क्योंकि वर्क इन प्रोग्रेस। मंत्रिमंडल फेरबदल में देरी का कारण बताते हुए उन्होंने सफाई दी कि राजस्थान एक बहुत बड़ा राज्य है, वहां इलाकेवार,जातीवार समीकरणों का ध्यान रखना होता है। जैंडर बैलेंस भी करना होता है, इसके अलावा भी बहुत से फैक्टर्स है, उस पर काम चल रहा है।

पायलट की जो नाराजगी थी वह बता दी, अब सब चीजें अंडर कंट्रोल

सचिन पायलट की नाराजगी पर पूछे गए सवाल के जवाब में अजय माकन ने कहा-कभी सचिन पायलट को पार्टी के खिलाफ बयान देते सुना है क्या? कांग्रेस के लिए सब जगह जाकर पायलट कैंपेनिंग करते हैं। पायलट को जो नाराजगी थी वह उन्होंने आपको भी बता दी, हमें भी बता दी, उस पर हम काम कर रहे हैं। तो कहीं ऐसी दिक्क्त नहीं है। राजस्थान में सब चीजें अंडर कंट्रोल है और हम सबको साथ लेकर चल रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *