जयपुर : देश में कोरोना महामारी के साथ -साथ महंगाई की मार झेल रहे लोगो के लिए बुरी खबर है। पेट्रोलियम कंपनियों (IOCL, HPCL, BPCL) ने आज से घरेलू रसोई गैस की कीमतों में 25 रुपए प्रति सिलेंडर बड़ा दिए है। कंपनियों के इस फैसले के बाद आज से रसोई गैस 838.50 की जगह 863.50 में मिलेगी। साल 2021 के शुरूआत से लेकर अब तक रसोई गैस की कीमतों में यह छठीं बार बढ़ोतरी की है।
इससे पहले एक जुलाई को भी गैस कंपनियों ने रसोई गैस की कीमतों में 25.50 रुपए प्रति सिलेंडर बढ़ाए थे। कोरोना महामारी के इस दौर में जहां एक तरफ लोगों के रोजगार ठप पड़े हैं, नौकरियों पर संकट हो रहा है। ऐसी परिस्थितियों में पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, बिजली के बिल, खाद्य पदार्थ (कुकिंग ऑयल, आटा, दाल, दूध) इत्यादि वस्तुओं की कीमतें लगातार बढ़ रही है, जिससे निम्न और मध्यम तबके के लोगों के लिए परेशानी का सबसे बड़ा कारण बन गया है।
केन्द्र की NDA सरकार की ओर से अप्रैल 2020 में लॉकडाउन लगाने के बाद रसोई गैस पर दी जाने वाली सब्सिडी को भी घोषित तौर पर बंद कर दिया है। अप्रैल 2020 तक लोगों को रसोई गैस पर 147 रुपए की सब्सिडी मिली थी, लेकिन मई 2020 के बाद से अब तक एक रुपए की भी सब्सिडी नहीं दी जा रही। मई 2020 से लेकर आज तक साढे़ 15 महीने के अंदर 306 रुपए प्रति सिलेंडर तक बढ़ गए हैं।
