नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने सोमवार को टोक्यो ओलिंपिक में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों से अपने आवास पर मुलाकात की। प्रधानमंत्री एथलीटों को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए सम्मानित करते नजर आए। PM मोदी ने खिलाड़ियों का सम्मान करने से पहले सभी के साथ ब्रेक-फास्ट भी किया। साथ ही उन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीतने वाली पीवी सिंधु के साथ अपने आइसक्रीम खाने के वादे को भी निभाया।
ऐसे पूरा किया अपना वादा
जब ओलिंपिक के लिए खिलाड़ी रवाना हुए थे तब मोदी ने पीवी सिंधु से वादा किया था कि जब आप भारत लौटेंगी तो आपको आइसक्रीम खिलाएंगे। आज उन्होंने अपना वादा निभाते हुए सिंधु के साथ बटर-स्कॉच आइसक्रीम खाई। साथ ही खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी नीरज चोपड़ा से बादा किया था कि जब वह स्वदेश वापस लौटेंगे तो PM मोदी उन्हें चूरमा खिलाएंगे। PM मोदी ने दोनों वादों को पूरा कर दिया।

तालियों की गड़गड़ाहट के साथ हुआ था खिलाड़ियों का सम्मान
कल 15 अगस्त के मौके पर भी लाल किले पर झंडा फहराने के बाद नरेंद्र मोदी ने टोक्यो 2020 में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को लेकर कहा था- एथलीट्स पर विशेष तौर पर हम ये गर्व कर सकते हैं कि उन्होंने केवल दिल ही नहीं जीता, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करने का बहुत बड़ा काम किया है। PM खिलाड़ियों से मिलने उनके बीच भी गए। इस दौरान कोरोना प्रोटोकॉल का पूरा ध्यान रखा गया।

