जयपुर : जयपुर-अजमेर हाईवे पर शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे दातरी में LPG सिलेंडर से भरे ट्रेलर में आग लग गई। आग लगते ही तेज धमाके होने लगे। सिलेंडर भी हवा में उछल रहे थे। हादसा इतना जबरदस्त था कि करीब दो घंटे बाद भी आग बुझ नहीं सकी। हाईवे पर जयपुर व अजमेर की तरफ दोनों ओर 10-10 किलोमीटर तक जाम लग गया। धमाकों की आवाजें 20 किलोमीटर के एरिया में सुनाई दे रही थी। हादसे में मरने वालों के बारे में कुछ भी पता लग सका है।
जयपुर हाईवे दूर से ही आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। गैस सिलेंडर हवा में उछल रहे थे और तेज धमाके हो रहे थे। हाईवे पर 10 किलोमीटर से अधिक लंबा जाम लग गया। लोग वाहनों को छोड़कर दूर खेतों में जाकर खड़े हो गए थे। सिलेंडरों को उछलता देख दहशत के कारण लोग खुले में भागने लग गए थे। बगरू, किशनगढ़ एवं अन्य स्थानों से दमकलों को बुलाया गया। एएसपी, डीएसपी सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एहतियात के तौर लोगों को आगे जाने से रोक दिया गया।
घरों में टीवी, पंखे धमाके से हिलने लगे
हाईवे के पास दातरी में रहने वाले लोगों ने बताया कि वे कमरे में बैठे थे। तेज धमाके से टीवी व पंखे हिलने लग गए। ऐसा लग रहा था कि मानों बमबारी शुरू हो गई हो। वे डर के कारण बच्चों को छोड़कर घरों से बाहर आ गए। कोई खाना खा रहा था तो कोई बेड पर सो रहा था। लोग दहशत में उठकर बाहर भागने लग गए। पुलिस ने हाईवे पर आने वाले वाहनों को दूर ही रोक दिया था। वाहनों को कई जगहों से डायवर्ट कर निकाला गया। दो घंटे के बाद भी आग पर काबू पाया नहीं जा सका था।
