नई दिल्ली : आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए उज्ज्वला 2.0 योजना की शुरुआत की। योजना की शुरुआत उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में 1 हजार महिलाओं को नए LPG कनेक्शन देकर की गई। इस वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उप मुख्यमंत्री केशव मौर्य व दिनेश शर्मा भी उपस्थित थे। इस बार इस योजना में सरकार फ्री LPG कनेक्शन के साथ-साथ भरा हुआ सिलेंडर भी फ्री में देगी। 2021-22 वित्तीय वर्ष में इस योजना के तहत 1 करोड़ LPG कनेक्शन बांटने के लिए अलग से फंड जारी किया गया है। यह कनेक्शन कम आय वाले उन परिवारों को दिए जाएंगे, जो उज्ज्वला योजना के पहले चरण में शामिल नहीं हो सके थे। वहीं, पीएम नरेंद्र मोदी ने बताया कि अब उज्ज्वला 2.0 का लाभ लेने के लिए प्रवासियों को राशन कार्ड और एड्रेस प्रूफ जमा करने की जरूरत नहीं होगी। जरूरतमंद परिवार अब खुद के द्वारा सत्यापित आवेदन देकर भी इस योजना का लाभ ले सकेगा।
पुराने लाभार्थियों से की बात
कार्यक्रम के दौरान PM नरेंद्र मोदी ने उज्ज्वला योजना की पुरानी लाभार्थी महिलाओं से बात कर जाना कि उन्हें योजना का लाभ लेने में परेशानी तो नहीं हुई। इसके अलावा उनके सिलेंडर की रिफिलिंग हुई या नहीं, इसकी भी जानकारी ली। साथ ही पीएम मोदी ने मेजर ध्यान चंद को भी याद किया और कहा कि देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार का नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार हो गया है। इस बार हमने देखा है कि ओलिंपिक में हमारे खिलाड़ियों ने मेडल तो जीते ही, अनेक खेलों में दमदार प्रदर्शन करके भविष्य का संकेत भी दे दिया है।
उज्जवला योजना में आवेदन करने के लिए जरूरी पात्रता
- आवेदक एक महिला होनी चाहिए।
- महिला की आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए।
- महिला BPL परिवार से होनी चाहिए।
- महिला के पास बीपीएल कार्ड तथा राशन कार्ड होना चाहिए।
- आवेदक के परिवार के किसी सदस्य के नाम पर LPG कनेक्शन नहीं होना चाहिए।
- आवेदक का नाम या परिवार के किसी भी सदस्य का नाम पहले से ही एलपीजी कनेक्शन में नहीं होना चाहिए।
कैसे कर सकते हैं अप्लाई
- योजना का लाभ लेने के लिए आपको pmuy.gov.in/ujjwala2.html अधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा।
- यहां आपके सामने एक डाउनलोड फॉर्म का ऑप्शन दिखाई देगा।
- यहां इस फॉर्म को डाउनलोड़ करने के बाद फॉर्म में मांगी गई सबी जानकारी को भर दें।
- इस फॉर्म को अब आपको एलपीजी केंद्र पर जमा कराना होगा।
- साथ ही इससे संबंधित दस्तावेजों को भई वहां जमा करा दें।
- इसके बाद डॉक्यूमेंट्स के वेरिफाई हेने के बाद आपको LPG कनेक्शन मिल जाएगा।
