Headlines

सांसद दीयाकुमारी ने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से भेंट

नई दिल्ली। राजसमन्द सांसद दीयाकुमारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करते हुए मावली मारवाड़ ब्रॉडगेज आमान परिवर्तन की कार्यवाही को दो फेज में करवाने का आग्रह किया।सांसद ने कोरोनकाल के दौरान केंद्र द्वारा किये गए बेहतरीन उपायों पर भी उनका आभार व्यक्त किया। सांसद ने कहा कि केंद्र सरकार के शानदार प्रबंधन के कारण ही आम लोगों का जीवन सुरक्षित हो पाया है।

कोरोना के बाद शुरू हुए संसद के मानसून सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंची सांसद दीयाकुमारी ने कहा कि पीएम मोदी से मिलना मेरे लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उनके व्यक्तित्व एवं उनके विचारों को सुनकर एक नई प्रेरणा के साथ जन सेवा में जूटने का मार्गदर्शन मिला।केवड़िया गुजरात में बन रहे पूर्व राज परिवारों के म्यूजियम में सदस्य के तौर पर नामित करने और मार्गदर्शन के लिए सांसद ने पीएम का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सांसद दीया ने प्रधानमंत्री को सेवा ही संगठन के तहत किए गए कार्यों की पुस्तिका भी भेंट की।

मावली मारवाड़ ब्रॉडगेज 

मुलाकात के दौरान संसदीय क्षेत्र के विभिन्न मुद्दों पर अपनी बात रखते हुए सांसद दीयाकुमारी ने कहा कि मावली मारवाड़ ब्रॉडगेज नहीं होने की वजह से पूरा क्षेत्र पिछड़ रहा है। जबकि यात्री भार और मालभाड़े की कोई कमी नहीं है एवं सामरिक दृष्टि से भी यह यह लाइन अति महत्वपूर्ण है। मावली मारवाड़ आमान परिवर्तन की कार्यवाही को दो फेज में करवाने का आग्रह करते हुए देवगढ़ से बर सर्वे को गति प्रदान करने एवं बर-बिलाड़ा तथा पुष्कर-मेड़ता नई रेलवे लाइन पर अपनी बात रखी।

प्रताप सर्किट योजना का शुभारंभ किया जाये

सांसद दीयाकुमारी ने प्रताप सर्किट पर अपने विचार रखते हुए कहा कि महाराणा प्रताप पूरे राष्ट्र की धरोहर है, ऐसे में उनकी जन्म स्थली और कर्म स्थली को सम्बंधित करते हुए प्रताप सर्किट योजना का शुभारंभ किया जाना चाहिए। इस सर्किट से राष्ट्र के युवाओं को महाराणा प्रताप के स्वाभिमान और राष्ट्र भक्ति को जानने एवं समझने का अवसर मिलेगा, वहीं पर्यटन और रोजगार को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *