जयपुर : कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी अजय माकन की रायशुमारी के दूसरे दिन भी विधायकों की नाराजगी फीडबैक में सामने आई। माकन को फीडबैक के दूसरे दिन भी मंत्रियों के खिलाफ विधायकों ने शिकायतें की। सचिन पायलट खेमे के विधायकों ने मंत्रियों के बर्ताव और काम नहीं करने पर शिकायतें की है। सचिन पायलट समर्थक परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया ने कहा कि सरकार बनाने के लिए जिन लोगों ने खून पसीना बहाया, उनको सत्ता में भागीदारी नहीं मिलेगी तो आने वाले समय में और गतिरोध बढ़ेगा। इसका खामियाजा भी पार्टी को भुगतना पड़ेगा। समय पर काम नहीं करने वाले मंत्रियों की भी प्रभारी से शिकायत की है।
नॉन परफॉर्मर मंत्रियों को हटाएं
कभी पायलट खेमे में रहे वर्तमान में मुख्यमंत्री खेमे के माने जाने वाले निवाई से विधायक प्रशांत बैरवा बोले- नॉन परफॉर्मर मंत्रियों को हटाएं, युवाओं को मौका दें। उन्होंने कहा, मंत्रिमंडल में फेरबदल जल्द होना चाहिए। जो नॉन परफॉर्मर मंत्री हैं, उन्हें हटाकर नए लोगों को मौका मिलना चाहिए। बैरवा ने कहा- पार्टी में सभी नेताओं का अपना महत्व होता है। जो लोग मंत्रिमंडल में अच्छा नहीं कर पा रहे, उन्हें संगठन में मौका दिया जा सकता है।
Read More: डोटासरा के समर्थन में उतरे पायलट कैंप के विधायक
मंत्री ठीक तरीके से काम नहीं कर पाते तो इससे पार्टी की भी किरकिरी होती है। मंत्रिमंडल में युवाओं को भी पूरा मौका मिलना चाहिए। सचिन पायलट की भूमिका आलाकमान तय करेंगे। जो तय होगा, उसी के साथ हमलोग है।रायशुमारी के पहले दिन की तरह आज भी कई विधायक मंत्रियों की शिकायत कर रहे हैं। आज 20 जिलों के 52 विधायकों से वन टू वन चर्चा रखी है। माकन कल भी जयपुर में रहेंगे।
