जयपुर। पायलट समर्थक पांच विधायकों ने संगठनात्मक मुद्दों को लेकर आज देर शाम प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविन्दसिंह डोटासरा से मुलाकात की और अपने सुझाव सांझा किए। डोटासरा से मुलाकात करने गए इन विधायकों में चाकसू से विधायक वेदप्रकाश सोलंकी, मसूदा से विधायका राकेश पारीक, दौसा से विधायक एवं पूर्व मंत्री मुरारीलाल मीणा, लाडनू से विधायक मुकेश भाकर व नीमकाथाना से विधायक सुरेश मोदी शामिल थे। इनमें से सोलंकी व पारीक डोटासरा की टीम में प्रदेश महामंत्री भी हैं।
सोलंकी ने बताया कि डोटासरा संगठन को अधिक गतिशील बनाना चाहते हैं। वे संगठन के माध्यम से कांग्रेस की ताकत कैसे बढ़ाई जाए इसे लेकर जनप्रतिनिधियों के अलावा अन्य वरिष्ठ कांग्रेस जनों से भी आने वाले दिनों में वन टू वन करेंगे ताकि कांग्रेस के विभिन्न कार्यक्रमों व आयोजनों को सफल बनाया जा सके। सोलंकी एनएसयूआई व युवा कांग्रेस में रहे चुके हैं तो पारीक ने लम्बे समय तक सेवादल में रहकर संगठन का काम किया हैं। मुकेश भाकर भी एनएसयूआई व युवा कांग्रेस से आएं हैं। भाकर को तो पायलट खेमे में होने के कारण उन्हें युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष का पद भी गंवाना पड़ा था।
