नई दिल्ली: टोक्यो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीतने वाली भारतीय महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू सोमवार को स्वदेश लौट चुकी हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर उनका जोरदार स्वागत किया गया। चानू के एयरपोर्ट पर पहुंचते ही भारत माता की जय के नारे लगाए गए। इस दौरान मीरा की आरटी-पीसीआर जांच भी की गई। मीरा के साथ उनके कोच विजय शर्मा भी लौटे हैं। ‘खेलों के महाकुंभ’ टोक्यो ओलंपिक में भारत की शानदार शुरुआत हुई थी। दूसरे दिन ही भारत की झोली में पदक आ गया था। 24 जुलाई को वेटलिफ्टिंग में मीराबाई चानू (49 किग्रा) ने सिल्वर मेडल जीतकर भारत का खाता खोल दिया था। चानू इस साल टोक्यो ओलंपिक में पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं। बता दें कि मणिपुर की 26 साल की वेटलिफ्टर ने कुल 202 किग्रा (87 किग्रा + 115 किग्रा) का भार उठाकर सिल्वर मेडल अपने नाम किया था।
चानू को मणिपुर की सरकार देगी पुलिस विभाग में नौकरी
मणिपुर के मुख्यमंत्री नोंगथोमबाम बिरेन सिंह ने सोमवार को घोषणा करते हुए कहा कि मीराबाई चानू को पुलिस विभाग में एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस(खेल) नियुक्त करने का फैसला किया गया है। इससे पहले बीते शनिवार सीएम ने कहा था कि टोक्यो ओलंपिक के दूसरे दिन सिल्वर मेडल जीतकर देश का नाम रौशन करने वाली सेखोम मीराबाई चानू को राज्य सरकार एक करोड़ रुपये की नकद राशि देगी। सीएम बिरेन सिंह ने सिल्वर मेडल जीतने के लिए मीराबाई चानू को बधाई दी थी। सीएम ने कहा था, ‘हम भारतीयों को आप पर गर्व है। मणिपुर राज्य के लोग 2020 टोक्यो ओलंपिक में हमारे खिलाड़ियों के पदक जीतने के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं।’
डॉमिनोज ने मुफ्त में पिज्जा खिलाने का किया वादा
पदक जीतने के बाद डॉमिनोज ने मीराबाई चानू को मुफ्त में ताउम्र पिज्जा खिलाने की पेशकश की। कंपनी ने टि्वटर पर लिखा, ‘पदक घर लाने पर आपको बहुत-बहुत बधाई। आपने एक अरब से ज्यादा भारतीयों के सपनों को पूरा किया है। इससे ज्यादा खुशी की बात और क्या हो सकती कि हम आपको ताउम्र मुफ्त पिज्जा दें। फिर से बधाई।’ बता दें कि चानू ने पदक जीतने के बाद पिज्जा खाने की इच्छा जताई थी। उन्होंने एक चैनल से खास बातचीत में कहा था कि उन्होंने महीनों से अपना पसंदीदा खाना नहीं खाया है। पदक जीतने के बाद मीराबाई ने कहा, ‘मैंने महीनों से पिज्जा नहीं खाई है।’
