जयपुर: पेगासस जासूसी मामला गर्म होने के बाद एक बार फिर राजस्थान के फोन टैपिंग का मामला गर्मा गया है। केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह की एफआईआर वाले केस में दिल्ली क्राइम ब्रांच ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के OSD लोकेश शर्मा को 24 जुलाई को सुबह 11 बजे पूछताछ के लिए तलब किया है। लोकेश शर्मा को पहली बार दिल्ली क्राइम ब्रांच से पूछताछ का नोटिस आया है। इससे पहले सरकारी मुख्य सचेतक महेश जोशी को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उन्होंने उम्र का हवाला देते हुए पूछताछ के लिए जाने से इनकार कर दिया था।
शेखावत ने दर्ज कराई थी FIR
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के परिवाद पर दिल्ली क्राइम ब्रांच ने 25 मार्च को मुख्यमंत्री के OSD लोकेश शर्मा और पुलिस अफसरों के खिलाफ फोन टैपिंग और ऑडियो वायरल करके छवि खराब करने के मामले में केस दर्ज किया था। लोकेश शर्मा ने इस एफआईआर(FIR) को दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती दी थी, जिसके बाद उन्हें 6 अगस्त तक किसी भी तरह की गिरफ्तारी या कार्रवाई से छूट मिली हुई है। दिल्ली हाईकोर्ट में अब मामले की अगली सुनवाई 6 अगस्त को होनी है।
24 को दिल्ली जाने की संभावना कम
अब इस मामले में लोकेश शर्मा दिल्ली क्राइम ब्राचं के नोटिस के बाद कानूनी राय ले रहे हैं। लोकेश शर्मा के 24 जुलाई को दिल्ली क्राइम ब्रांच के सामने पेश होने की संभावना कम है।
