द्वारका: गुजरात की धार्मिक नगरी द्वारका में भगवान द्वारकाधीश मंदिर के ध्वज दंड पर बिजली गिर गई। बिजली गिरने से मंदिर की 52 गज ध्वजा को नुकसान पहुंचा। हालांकि, इस हादसे में द्वारकाधीश मंदिर को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। भारी बारिश के बीच अचानक गिरी आकाशीय बिजली की वजह से वहां मौजूद लोग डर गए. हालांकि किसी भी तरह का किसी को नुकसान नहीं हुआ है। झंडे पर बिजली गिरने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। मंदिर के आस-पास घनी बस्ती है। ऐसे में अगर रिहायशी इलाके में बिजली गिरती तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
द्वारकाधीश मंदिर के ऊपर लगे झंडे का भी खास महत्व है। इसे 52 गज ध्वजा कहा जाता है। यह भारत का अकेला ऐसा मंदिर है, जहां दिन में 3 बार 52 गज की ध्वजा चढ़ाई जाती है। भक्तों के बीच इस ध्वजा को लेकर इतनी श्रद्धा है कि ध्वजा चढ़ाने के लिए कई बार उन्हें दो साल तक का इंतजार करना पड़ता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसा पहली बार हुआ है, जब मंदिर के किसी हिस्से पर बिजली गिरी है। द्वारकाधीश ने शहर के लोगों को बड़े हादसे से बचा लिया।
भारी बारिश की वजह से द्वारका के नजदीक समुद्र में भी तेज लहरें देखी जा रही हैं। समुद्र में तेज लहरें उठ रही हैं। मौसम विभाग ने वहां की स्थिति को देखते हुए अगले तीन दिनों के लिए चेतावनी जारी की है। लोगों से अपील की गई है कि वे समुद्री तटों से फिलहाल दूर रहें।
मछुआरों को समुद्र में न उतरने की सलाह
वहीं मौसम विभाग ने अगले तीन 3 दिनों तक सौराष्ट्र में भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने समुद्र के लिए थर्ड सिग्नल दिया है। मछुआरों को ये सलाह दी गई है कि वे अगले 3 दिनों तक समुद्र में न जाएं।
आसमान से हो रही है आफत की बारिश
जैसे-जैसे बारिश राज्यों में दस्तक दे रही है, आकाशीय बिजली गिरने की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान में बिजली गिरने से 73 लोगों की मौत हो गई है। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बिजली गिरने से 41 लोग अब तक जान गंवा चुके हैं। वहीं राजस्थान में 20 लोगों की मौत हो चुकी है। मध्य प्रदेश में भी करीब 11 लोग आकाशीय बिजली की वजह से जान गंवा चुके हैं।
