जयपुर: राजस्थान सरकार ने 14 जुलाई से प्रदेश में तबादलों पर बैन हटाया है, जिसके तहत कल से प्रदेश के लगभग सभी विभाग अपने-अपने यहां कार्यरत कर्मचारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग कर सकेंगे। इसके लिए कर्मचारियों से प्रशासनिक सुधार विभाग की वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन मांगे गए है। तबादलों पर लगी रोक को 14 अगस्त तक के लिए हटाया गया है। हालांकि इस बीच लम्बे समय से ट्रांसफर पर बैन खुलने की राह देख रहे थर्ड ग्रेड टीचर अब भी शिक्षा निदेशालय से बैन हटाने की आस लगाए बैठे हैं। यह तबादले स्थानीय निकाय नगर पालिका और नगर परिषद निगमों मे भी होंगे।
इधर शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा से आज शिक्षक संघ से जुड़े प्रतिनिधियों ने जयपुर में मुलाकात भी की, जिसमें थर्ड ग्रेड और सैकंड ग्रेड टीचर्स के तबादले पर लगे बैन हटाने की मांग की। इस पर डोटासरा ने कहा कि ट्रांसफर पॉलिसी पर किया जा रहा है। हालांकि इस बार बहुत सीमित संख्या में ही शिक्षा विभाग में तबादले किए जाएंगे। केवल वहीं प्राथमिकता दी जाएगी, जहां पद खाली पड़े है। उन्होंने थर्ड ग्रेड टीचर्स के तबादले पर कहा कि इनकी पॉलिसी पर विचार किया जा रहा है और अधिकारियों से चर्चा की जा रही है।
