जयपुर। जयपुर में कल शाम आमेर वाच टॉवर पर दो बार आकाशीय बिजली गिरनेे से हुए दर्दनाक हादसे के घटनास्थल के पूरे इलाके को ड्रोन कैमरे से चप्पे चप्पे को सर्च किया जा रहा है। एसडीआरएफ की दो बटालियनें भी अंतिम सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई है ताकि कोई हादसे का शिकार आमेर के इन पहाडिय़ों में अभी भी पड़ा ना हो। रातभर भी इसी खोज में सर्च जारी रखा था ताकि हादसे के शिकार हुए का पता चले तो तत्काल सहायता पहुंचाई जा सके।
आपको बता दे आकाशीय बिजली गिरने से हुए हादसे ने आमेर के वॉच टॉवर पर घूमने गए 11 लोगों की जान ले ली थी। 10 से ज्यादा लोग बिजली गिरने से झुलस गए । मानसून की पहली बारिश जयपुर के लिए काल बनकर बरसी। आकाशीय बिजली ने आमेर में मावठे के सामने करीब 500 मीटर की ऊंचाई पर बने वॉच टॉवर पर घूमने गए स्थानीय पर्यटक इस हादसे के शिकार हुए। उनमें से कुछ लोग वाच टावर पर सेल्फी ले रहे थे। जबकि कई पहाड़ी पर मौजूद थे।
इस बीच किसी एक युवक को होश आया। उसने किसी तरह हिम्मत जुटाकर मोबाइल फोन से हादसे की सूचना पुलिस को दी। इसके बाद आमेर थाना पुलिस और कलेक्ट्रेट में मौजूद सिविल डिफेंस की रेस्क्यू टीमें रवाना हुई। आमेर एसीपी सौरभ तिवाड़ी मौके पर पहुंचे। वहां उनके साथ एसडीआरएफ की टीम भी पहुंची। तब वहां इकट्ठा हुए स्थानीय लोग भी रेस्क्यू टीम की मदद में जुट गए।
मोबाइल टॉर्च की रोशनी में शुरु हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन
रेस्क्यूकर्मियों का पहाड़ी पर पहुंचते-पहुंचते काफी अंधेरा हो चुका था। मोबाइल टॉर्च की रोशनी में रात करीब आठ बजे रेस्क्यू ऑपरेशन शुरु हुआ। इस बीच ड्रेगन टॉर्च भी मंगवाई गई। इससे अंधेरी पहाडिय़ों पर सर्च करना थोड़ा आसान रहा। रातभर चले ऑपरेशन के बाद एक भी घायल पहाडिय़ों पर नहीं मिला।
जोशी, रफीक व अमीन कागजी ने भी निभाई अहम भूमिका
आज दिन में जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के जवानों ने ड्रोन कैमरे से चप्पे चप्पे पर सर्च करना शुरु किया है। इस बीच एसडीआरएफ की दो बटालियनों में मौजूद जवान भी अंतिम सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं। जयपुर के स्थानीय प्रतिनिधि सरकारी मुख्य सचेतक डॉ. महेश जोशी, विधायक रफीक खान व अमीन कागजी कल रात से ही हादसे में शिकार हुए लोगों की मदद के लिए जुटे हुए हैं।
कल रात चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डॉ रघु शर्मा आमेर में बिजली गिरने से हुए हादसे में घायलों के उपचार का जायला लेने एसएमएस अस्पताल पंहुचे। मुख्य सचेतक डॉ महेश जोशी, विधायक अमीन कागजी,विधायक रफीक खान सुबह फिर एसएमएस अस्पताल पहुंच गए और मोर्चरी के बाहर मौजूद मृतकों के परिजानों को ढांढस बंधाया। रात में जयपुर सांसद रामचरण बोहरा भी अस्पताल पहुंचे थे। घायलों की कुशलक्षेम पूछने परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास SMS अस्पताल पहुंचे।
इन लोगों की हादसे में गई जान
जीशांत,शोएब,शाकिब,नाजिम,आरिफ,राजादास,अवनीश,वैभव जाखड़,अमित शर्मा और शिवानी की हादसे में मौत हो चुकी है। वहीं, करीब 10 से ज्यादा घायलों का एसएमएस में उपचार चल रहा है।
आर्थिक सहायता की घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के कुछ हिस्सों में बिजली गिरने से जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रु. और घायलों को 50 हजार की सहायता की घोषणा की है।
PM @narendramodi has announced an ex-gratia of Rs. 2 lakh each from PMNRF to the next of kin of those who lost their lives due to lightning in parts of Rajasthan. Rs. 50,000 would be provided to the injured.
— PMO India (@PMOIndia) July 12, 2021
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने घायलों व पीडि़त परिवारों को शीघ्र हर प्रकार की सहायता मुहैया करवाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। साथ ही मृतक आश्रितों को 5-5 लाख रुपये की सहायता देने की भी घोषणा की गई। इसमें आपदा प्रबंधन कोष से 4 लाख और मुख्यमंत्री सहायता कोष से 1 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं घायलों को भी 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक आपदा की इस स्थिति को देखते हुए आज आपदा राहत की आपात बैठक बुलाई हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत,राज्यपाल कलराज मिश्र, पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट सहित कई राजनेताओं ने भी शोक व्यक्त किया हैं।
Read more : आमेर के वाच टॉवर पर बिजली गिरी, 11 की मौत, 9 से अधिक घायल




