Headlines

कृषि कानून पर तकरार : टिकैत बोले- बिना कंडीशन के हो बात, सरकार चाहे तो लाठी-डंडे से भगा दे

टिकैत

नई दिल्ली : कृषि कानूनों के खिलाफ जारी किसानों का आंदोलन एक बार फिर चर्चा में है। केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने बीते दिन बयान दिया कि सरकार कृषि कानूनों को वापस नहीं लेगी, लेकिन आंदोलनकारी किसानों के साथ बातचीत को तैयार है। अब किसान नेता राकेश टिकैत ने इस मसले पर बयान दिया है, राकेश टिकैत का कहना है कि सरकार चाहे लाठी-डंडे का इस्तेमाल करे, लेकिन जो भी बात होगी वो बिना किसी कंडीशन के होगी।

बिना शर्त ही बातचीत होगी

भारतीय किसान यूनियन के राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार का जो ताज़ा प्रस्ताव आया है, वो शर्तों के साथ आया है। सरकार बात करने को कह रही है, लेकिन ये भी कह दिया कि कानून वापस नहीं होगा। हमने कोई शर्त नहीं लगाई है, अगर कानून वापसी पर चर्चा होती है तो हम बातचीत शुरू करना चाहते हैं। राकेश टिकैत ने कहा कि हम आठ महीने से आर-पार के मूड में ही बैठे हैं, जो जिस भाषा में आर-पार समझता हो, वही समझे। हम तो कह रहे हैं कि हम शांति से बैठे हैं, हमें छेड़ो नहीं और सरकार कह रही है कि यहां से चले जाओ। लेकिन अगर हम जाएंगे तो बातचीत से, नहीं तो लाठी-डंडे-गोली जिससे सरकार भगाना चाहे भगा दे।

कंपनियां चला रही इस सरकार को

किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार किसी पार्टी की होती तो जरूर बात करती, लेकिन सरकार को कंपनियां चला रही हैं और देश को लूटने का प्लान कर रही हैं। देश की जनता को सड़क पर निकलना होगा और लुटेरों को भगाना होगा, यह आखिरी बादशाह साबित होगा। राकेश टिकैत ने मोदी सरकार के नए प्रस्ताव पर कहा कि एक लाख करोड़ की तो ठग विद्या है, हम तो बस यह कह रहे हैं कि हमें भाव दे दो, एक लाख करोड़ जहां खर्च करना है कर लेना। लेकिन जब हमें भाव नहीं दे रहे हैं तो एक लाख करोड़ का क्या मतलब है।

उत्तर प्रदेश में जिलावार आंदोलन की होगी शुरुआत

भारतीय किसान यूनियन द्वारा इस बात का भी ऐलान किया गया है कि अगस्त महीने से उनके द्वारा उत्तर प्रदेश में जिलावार आंदोलन की शुरुआत होगी। इस आंदोलन में उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों की दिक्कतें, महंगी बिजली समेत अन्य कई मसलों को जोर-शोर से उठाया जाएगा। राकेश टिकैत के मुताबिक, 11 जुलाई को किसानों की एक बड़ी बैठक होगी जिसमें इस आंदोलन की रूप-रेखा को तय किया जाएगा। एक अगस्त से इस आंदोलन को बल देने की कोशिश है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *