दुबई: इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने गुरुवार को चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) मनु साहनी को तत्काल प्रभाव से उनके पद से हटा दिया है। जॉर्ज अलार्डिस उनकी जगह एक्टिंग CEO बने रहेंगे। ICCने बयान में कहा, ‘मुख्य कार्यकारी मनु साहनी तुरंत प्रभाव से संगठन छोड़ रहे हैं। जॉर्ज अलार्डिस कार्यकारी सीईओ का काम पूर्ववत संभालते रहेंगे।’ साहनी को अपने साथियों के साथ सख्त व्यवहार के कारण मार्च में जांच लंबित रहने तक अवकाश पर भेज दिया गया था। साहनी ने विश्व संस्था की उनके खिलाफ जांच को पूर्व नियोजित साजिश करार दिया था। वह 2019 में आईसीसी विश्व कप के बाद डेव रिचर्डसन की जगह सीईओ बने थे और उनका कार्यकाल 2022 में समाप्त होना था।
The International Cricket Council’s (ICC) Chief Executive Manu Sawhney will leave the organization with immediate effect. Geoff Allardice will continue as Acting CEO supported by the Leadership Team working closely with the ICC Board: ICC
— ANI (@ANI) July 8, 2021
पिछले महीने साहनी ने आईसीसी पर लगाए थे बड़े आरोप
दरअसल, पिछले महीने की 21 तारीख को साहनी ने आईसीसी को लेकर बड़ा खुलासा किया था। उन्होंने कहा था कि उन पर लगाए गए सभी आरोप निराधार हैं। उन्होंने अपने ऊपर लगे आरोपों का खंडन करते हुए कहा था कि वह एक पूर्व नियोजित साजिश का शिकार हुए हैं। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया था कि उनके खिलाफ साजिश हो रही है। दुर्व्यवहार के आरोपों के कारण निलंबित किए गए CEO मनु साहनी ने एक बयान में कहा था, ‘मुझे अच्छी तरह पता है कि मैं एक पूर्व नियोजित साजिश का शिकार बना हूं। निष्पक्ष प्रक्रिया शुरू करने या मुझे निष्पक्ष सुनवाई का मौका देने का सारा दावा छोड़ दिया गया है।’ बता दें कि मार्च के महीने में मनु साहनी को ‘छुट्टी’ पर भेज दिया गया था, क्योंकि उनका आचरण ऑडिट कंपनी पीडब्ल्यूसी की आंतरिक जांच के दायरे में आ गया था।
