जयपुर: राजस्थान में मानसून (Weather Update) की समय पूर्व दस्तक के बावजूद मरुधरा अभी बारिश को तरस रही है। प्रदेश में गर्मी का कहर बरकरार है। बीते दो-तीन दिनों से प्रदेश में पश्चिमी क्षेत्र में तेज गर्मी और लू का दौर (Weather Update) बना हुआ है, जो आज भी जारी रहने की संभावना है। स्थिति ये है कि दिन के साथ-साथ लोगों को रात में भी गर्मी से कोई राहत नहीं मिल रही। राज्य में कई जिलों में रात में पारा 30 डिग्री से ज्यादा रहने लगा है। राज्य के 33 में से 15 शहर ऐसे है जहां दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर चला गया है। जयपुर में भी तापमान सामान्य से 5 डिग्री ऊपर पहुंच गया है। वहीं मौसम विभाग ने आज 10 जिलों में हीट वेव (गर्म हवाएं) चलने की चेतावनी जारी की है।
प्रदेश में आज मौसम की स्थिति (Weather Update) देखे तो लगभग पूरे राज्य में आसमान साफ है और धूप निकल रही है। जोधपुर, जैसलमेर, बीकानेर, गंगानगर सहित राज्य के पश्चिमी क्षेत्र में तेज गर्मी के साथ कई जगह गर्म हवाएं चल रही है। जयपुर, भरतपुर, कोटा और अजमेर संभाग के जिलों में भी सुबह से तेज गर्मी का दौर बना हुआ है। जयपुर की बात करें तो यहां सुबह से मौसम साफ है और करीब 20-22 KM. की गति से तेज हवाएं चल रही है।
मौसम विभाग के अनुसार जयपुर ने आज प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र बीकानेर, गंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के अलावा पूर्वी राजस्थान के भरतपुर, धौलपुर, करौली, सवाई माधोपुर, कोटा क्षेत्र में भी तेज गर्मी के साथ लू चलने की चेतावनी जारी की है। अभी राजस्थान में करीब एक सप्ताह तक तेज गर्मी का दौर चलेगा और बारिश के आसार नहीं है।
अगले 4 दिन तक बारिश के कोई आसार नहीं
मौसम विभाग जयपुर के कार्यवाहक निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले 4 दिन तक राज्य के अधिकांश इलाके में बारिश के कोई आसार नजर नहीं आ रहे। कई शहरों में तापमान 40 डिग्री तक बना रह सकता है साथ ही कुछ जिलों में गर्म हवाएं चल सकती है।
