Headlines

राजस्थान में 14 जगहों पर ACB की बड़ी कार्रवाई: जयपुर में JDA के XEN के घर मिली महंगी विदेशी शराब, सोना-चांदी और करोड़ों की संपत्ति

राजस्थान में 14 जगहों पर ACB की बड़ी कार्रवाई: जयपुर में JDA के XEN के घर मिली महंगी विदेशी शराब, सोना-चांदी और करोड़ों की संपत्ति

जयपुर: अपनी आय से अधिक अगर कोई जमा करे तो एक बार समझ में आता है लेकिन कोई अधिकारी कमाए 1 रूपया और जमा करे ज्यादा पैसा तो यह बात कुछ हजम नहीं होती। ऐसे ही एक आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को जयपुर, जोधपुर और चित्तौड़गढ़ में तीन अफसरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए प्रदेश में 14 अलग-अलग ठिकानों पर छापामारी की। तीनों अफसरों के घरों से सर्च कार्रवाई में बेशकीमती संपत्ति का हिसाब-किताब और दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके बाद ACB ने तीनों अफसरों के खिलाफ तीन अलग-अलग मुकदमे भी दर्ज किए हैं।

इनमें पहली कार्रवाई जयपुर में जेडीए में XEN निर्मल गोयल के आवास और ऑफिस में की गई। इसके अलावा दूसरी कार्रवाई जोधपुर में सूरसागर थाने के थानाप्रभारी प्रदीप कुमार शर्मा के आवास और अन्य ठिकानों पर की गई। वहीं, तीसरी कार्रवाई चित्तौड़गढ़ में जिला परिवहन अधिकारी मनीष कुमार शर्मा के छह ठिकानों पर की गई। यह आकस्मिक कार्रवाई एसीबी मुख्यालय जयपुर की इंटेलिजेंस शाखा की गोपनीय सूचना के आधार पर डीजी बीएल सोनी के निर्देश पर की गई।

जयपुर में जेडीए के XEN निर्मल कुमार गोयल के चार ठिकानों पर छापे

ACB के डीजी बीएल सोनी ने बताया कि आय से ज्यादा संपत्ति अर्जित करने का पहला मुकदमा जयपुर विकास प्राधिकरण में मानसरोवर जोन के एक्सईएन निर्मल कुमार गोयल के खिलाफ दर्ज किया गया। उनके जयपुर स्थित चार ठिकानों पर छापामारी की गई। जिसमें सामने आया कि निर्मल गोयल ने अपनी सर्विस के दौरान खर्च व सम्पतियों पर लगभग 6 करोड़ का निवेश किया है। जो कि उनकी वैध इनकम का लगभग 1450 प्रतिशत अधिक है।

एक्सईएन निर्मल कुमार गोयल के जयपुर में मध्यम मार्ग स्थित निवास स्थान पर टीम को विदेशी व महंगी शराब की 23 बोतलें, 2000 डॉलर व 245 यूरी की विदेशी मुद्रा नकद 2,27,790 रूपए, दो लग्जरी कार मिलीं। साथ ही 1100 गज के 2 प्लॉट्स जयपुर के सुमेर नगर में होने का पता चला। जिन पर निर्माण कार्य जारी है। इसके अलावा डीग में एक हवेली के कागज दो लॉकर की चाबी, 318 ग्राम सोना व 3.5 किलोग्राम चांदी तथा अन्य प्रॉपर्टी के कागज मिले हैं।

दो अन्य ठिकानों पर लग्जरी गाड़ियां, ज्वेलरी मिली

इसी तरह, एसीबी की दूसरी टीम को निर्मल गोयल के रजत पथ मानसरोवर जयपुर स्थित आवास पर तलाशी ली। जहां एक लग्जरी कार, 1.60 लाख नकद रुपए लग्जरी, 323.8 ग्राम सोना व 4.400 किलोग्राम चांदी, एक लॉकर की चाबी बरामद हुई। एसीबी की तीसरी टीम को निर्मल गोयल के मानसरोवर जयपुर में स्थित फार्म हाउस से एक मर्सिडीज कार, एक बोलेरो कैम्पर, भव्य फार्म हाउस, सुख सुविधाओं युक्त मय लग्जरी आवास, विदेशी शराब की खाली बोतलें व महंगे पेड़-पौधे मिले। वहीं, चौथी टीम को जेडीए जयपुर ऑफिस से हिसाब-किताब की डायरियां मिली है।

जोधपुर में SHO के चार ठिकानों पर छापामारी

DG सोनी के मुताबिक एक एफआईआर प्रदीप कुमार शर्मा, पुलिस निरीक्षक थानाधिकारी सूरसागर जिला जोधपुर आयुक्तालय के विरुद्ध दर्ज की गई। SHO प्रदीप शर्मा के जोधपुर, भोपालगढ़ व बीकानेर स्थित चार ठिकानों पर सर्च कार्रवाई की जा रही है। जिसमें सामने आया कि पुलिस इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार शर्मा द्वारा अपनी सर्विस में खर्च व सम्पत्तियों पर लगभग 4.43 करोड़ का निवेश किया गया। जो कि थानाप्रभारी प्रदीप की वैध आय का 333 प्रतिशत अधिक है।

ब्यूरो की तीन टीमों द्वारा प्रदीप कुमार शर्मा के जोधपुर स्थित निवास स्थान पर सर्च में केशर जमीन खरीदने का इकरार नामा की कॉपी बरामद हुई है। इसके अलावा दूसरी टीम को उनके प्राईवेट स्कूल भोपालगढ़, जोधपुर से 10 बीघा परिसर में बनाए गए स्कूल में तीन बसें, लगभग 22, 000 वर्गफुट का निर्माण व फर्नीचर, ब्यूरो की तीसरी टीम ने बीकानेर में प्रदीप शर्मा के मकान को सील कर दिया। यह मकान बंद पड़ा था।

चित्तौड़गढ़ में जिला परिवहन अधिकारी के छह ठिकानों पर छापामारी

ADG दिनेश एमएन ने बताया कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में चित्तौड़गढ़ में जिला परिवहन अधिकारी मनीष कुमार शर्मा के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया। DTO मनीष कुमार के छह ठिकानों पर एसीबी टीमों द्वारा जयपुर, चितौडगढ़, उदयपुर व जोधपुर सहित सर्च की गई। जांच में DTO मनीष कुमार शर्मा द्वारा अपनी सर्विस में खर्च व सम्पत्तियों पर 1.84 करोड़ रूपए का निवेश करना पाया गया है, जो कि उनकी वैध आय से 232 प्रतिशत अधिक होने का अनुमान है।

मनीष कुमार शर्मा के उदयपुर और जयपुर फ्लैट सील

मनीष कुमार शर्मा के चितौडगढ़ स्थित फ्लैट की तलाशी में नकद 99,500 रूपए, एक एनफील्ड बाईक, ह्युंडई क्रेटा कार, विदेश यात्राओं से संबंधित दस्तावेज, लैपटॉप, कैमरा, एप्पल फोन इत्यादि मिले है। ब्यूरो की दूसरी टीम द्वारा जोधपुर स्थित आवास, तीसरी टीम द्वारा बाड़मेर स्थित ट्रेवल्स एजेंसी की तलाशी ली गई। डीटीओ मनीष शर्मा का एक फ्लैट उदयपुर और एक फ्लैट जयपुर में है। जिसको एसीबी टीम ने सील कर दिया है। यह तलाशी अभियान डीआईजी सवाई सिंह गोदारा के सुपरविजन में किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *