जयपुर : नगर निगम ग्रेटर जयपुर की कार्यवाहक मेयर शील धाबाई के घर के बाहर हुआ जानलेवा हमले का प्रयास किया गया। कार्यवाहक मेयर शील धाभाई के घर के बाहर ड्राइवर पर बाइक सवार तीन बदमाशों ने हमला किया। इस दौरान बदमाशों ने कार के शीशे भी तोड़े। घटना को देखकर जुटी भीड़ ने तीन बदमाशों में से एक को पकड़ लिया। साथ ही बिना नंबर की बाइक पुलिस ने पकड़ी। पकड़े गए युवक के पास से एक लोहे की राॅड भी बरामद हुई है। घटना की सूचना मिलते ही करणी विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर बाइक को जब्त कर ले गई।
तीन युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे
यह घटना मेयर के अजमेर रोड हीरापुरा स्थित निवास की है। जहां तीन युवक बाइक पर सवार होकर पहुंचे थे। इनमें से एक पिंटू (18) को मेयर निवास के पास ड्राइवर और सुरक्षा गार्ड ने पकड़ लिया। पिंटू ने इस दौरान खुद को छुड़ाने का प्रयास किया, उसके सिर पर चोट लग गई।
पुलिस ने हमले से किया इनकार
करणी विहार थानाधिकारी जयसिंह ने बताया कि हमले जैसी कोई बात नहीं हुई। उन्होंने बताया कि पकड़ा गया युवक बागरिया है और ये अपने दो साथी के साथ बाइक पर जा रहे थे। तभी इनकी बाइक किसी स्कूटर सवार से टकरा गई। इसके बाद उनका उससे विवाद हो गया। विवाद से बचने के लिए ये युवक भागकर मेयर के पास वाले खाली प्लॉट में कूद गया, जिसे मेयर के सुरक्षा गार्डों ने पकड़ लिया। उन्होंने बताया कि अभी इस मामले में पूछताछ जारी है। ये लोग बाइक कहां से लाए और लोहे के रॉड क्यों लाए थे।
मेयर ने हमले की आशंका जताई
मेयर शील धाभाई ने इस घटना के बाद खुद पर हमले की आशंका जताई। उन्होंने इस मामले में अपने विरोधियों पर भी निशाना साधा और कहा कि जिनको मुझसे परेशानी है या जिनके हित मुझसे टकरा रहे होंगे शायद वही ऐसा कर रहे हैं। सीधे तौर पर मेयर ने इस पूरे घटनाक्रम के पीछे अपने विरोधियों का हाथ होने की आशंका जताई है।
