Headlines

वैक्सीन की दूसरी डोज के लिए समय से पहले सूचित करे: मुख्यमंत्री

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने निर्देश दिए है कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लगाने के साथ-साथ समय पर दूसरी डोज लगाने के काम को भी प्राथमिकता दे। उन्होंने कहा है कि जिन लोगों को कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है, निर्धारित अंतराल के बाद उन्हें दूसरी डोज समय पर लगना बेहद आवश्यक है। यदि इसमें देरी हुई तो कहीं ऐसा ना हो कि सुरक्षा चक्र टूट जाए।

गहलोत मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो काॅन्फ्रेंस के जरिए प्रदेश में वैक्सीनेशन अभियान की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन लोगों को दूसरी डोज लगनी है, उन्हें मोबाइल पर मैसेज या अन्य किसी और माध्यम से सैकिंड डोज लगने के समय की पूर्व सूचना दी जाए। स्वास्थ्य विभाग इस संबंध में आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करे।

डेल्टा प्लस म्यूटेंट का संक्रमण

गहलोत ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर के दौरान वायरस के डेल्टा म्यूटेंट के घातक प्रसार के बाद अब देश के कुछ हिस्सों से डेल्टा प्लस म्यूटेंट का संक्रमण बढ़ने की सूचनाएं आ रही है। इस चिंताजनक स्थिति के प्रति शुरूआत से ही सतर्क रहना होगा और इससे निपटने के लिए आवश्यक तैयारी अभी से ही सुनिश्चित करनी होंगी।

चिकित्सा मंत्री डाॅ. रघु शर्मा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग कोविड-19 के संक्रमण की तीसरी लहर के प्रति पूरी तरह से सजग है और प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में चिकित्सा सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *