जयपुर: राजस्थान की गहलोत सरकार बीजेपी के समय की सरकारी स्कूलों की यूनिफार्म बदलने की तैयारी कर रही है। जल्द ही 80 लाख सरकारी स्कूली बच्चों की ड्रेस बदल जाएगी। अभी यूनिफॉर्म में कत्थई रंग की पेंट और भूरे रंग का शर्ट है, इसका रंग बदला जाएगा। मुख्यमंत्री ने हाल ही इसे मंजूरी दी है।
मुख्यमंत्री ने इस साल के बजट में सरकारी स्कूलों के बच्चों को मुफ्त यूनिफॉर्म देने की घोषणा की थी। शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि स्कूल ड्रेस का रंग बदल सकता है, लेकिन नई स्कूल ड्रेस का रंग क्या होगा? ये कमेटी तय करेगी। सभी सरकारी स्कूलों के बच्चों को मुफ्त ड्रेस दी जाएगी। इसके लिए हम डीबीटी के माध्यम से अभिभावकों के खाते में पैसा डालें या ड्रेस उपलब्ध करवाएं इस पर जल्द फैसला किया जाएगा।
2017 में बीजेपी सरकार ने बदला था रंग
वसुंधरा राजे की अगुवाई वाली बीजेपी सरकार के वक्त 2017 में सरकारी स्कूलों की ड्रेस का रंग बदला गया था। बीजेपी राज में नीले और आसमानी रंग के स्कूली बच्चों के ड्रेस को बदलकर कत्थई और गुलाबी रंग का कर दिया था। उस वक्त कांग्रेस ने ड्रेस कोड का भगवाकरण करने के आरोप लगाए थे। बीजेपी राज में 20 साल बाद स्कूल ड्रेस का रंग बदला गया था।
पिछले साल तैयारी थी, लेकिन अटक गया था प्रस्ताव
गहलोत सरकार ने पिछले साल ही सरकारी स्कूलों की ड्रेस बदलने पर विचार कर लिया था। इसके लिए कमेटी बना दी थी, लेकिन कोरोना के कारण यह प्रस्ताव अटक गया था।
