Headlines

Vaccination Scam : नकली वैक्सीन लगाकर 390 लोगों से 5 लाख रुपए हड़पने का आरोप

मुंबई : कांदीवली इलाके की एक हाउसिंग सोसायटी में रहने वाले कई लोग वैक्सीनेशन स्कैम (Vaccination Scam) का शिकार हुए हैं। उनका आरोप है कि कुछ लोग मुंबई के एक प्रतिष्ठित हॉस्पिटल के कर्मचारी बनकर आए और उन्हें नकली कोविड-19 इंजेक्शन लगा गए। सोसाइटी के अधिकारियों की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। टीके लगने के बाद किसी भी व्यक्ति को बुखार या थकान के लक्षण नहीं दिखे तो उन्हें शक हुआ।

कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल का प्रतिनिधि बताया

सोसायटी में रहने वाले हितेश पटेल ने बताया कि 30 मई को हीरानंदानी हाउसिंग सोसायटी परिसर में 390 लोगों को कोविशील्ड का टीका लगाया गया। हर डोज के लिए 1,260 रुपए लिए गए। सोसाइटी की ओर से कुल 4 लाख 91 हजार 400 रुपए का भुगतान किया गया। उन्होंने बताया कि राजेश पांडे नाम के एक व्यक्ति ने खुद को कोकिलाबेन अंबानी अस्पताल का प्रतिनिधि बताते हुए सोसायटी कमेटी के सदस्यों से संपर्क किया था। इस अभियान का संचालन संजय गुप्ता ने किया, जबकि महेंद्र सिंह नाम के व्यक्ति ने सोसायटी के सदस्यों से पैसा लिया था।

न मैसेज आया, न फोटो लेने दी

पटेल ने आगे बताया कि टीका लगने के बाद हमारे मोबाइल पर किसी भी तरह का मैसेज नहीं आया। इसके अलावा टीका लगवाने के दौरान हमें सेल्फी या फोटो खींचने की अनुमति नहीं दी गई। सोसायटी के एक अन्य सदस्य ऋषभ कामदार ने बताया कि टीका लगते समय किसी को भी रिसीव्ड या सर्टिफिकेट (Vaccination Scam) नहीं दिया गया। 10-15 दिन बाद प्रमाण पत्र आए तो वे अलग-अलग अस्पतालों जैसे नानावटी, लाइफ लाइन, नेस्को बीएमसी टीकाकरण केंद्र की ओर से जारी किए गए थे। इस मामले में संबंधित अस्पतालों से संपर्क किया तो उन्होंने सोसायटी को टीके उपलब्ध कराने से इनकार किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *