Headlines

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट : चंपत राय का दावा- घोटाले का आरोप राजनीतिक साजिश

अयोध्या : अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट द्वारा राम मंदिर निर्माण के लिए खरीदी गई जमीनों में घोटाले के आरोपों पर ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने पलटवार किया है। उन्होंने इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बताया है। चंपत राय ने कहा है कि मंदिर के लिए खरीदी जा रही जमीनें बाजार से बहुत कम रेट पर ली जा रही हैं। अब तक मंदिर के लिए खर्च हुए एक-एक पैसे का हिसाब रिकॉर्ड पर है।

इसलिए ट्रस्ट को 2 करोड़ की जमीन 18.5 करोड़ में मिली

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का कहना है कि सुल्तान अंसारी और रवि मोहन तिवारी ने करीब 10 साल पहले ही बाग बिजेसर की जमीन कुसुम पाठक और हरीश पाठक से खरीद ली थी। तब के हिसाब से इसका रेट दो करोड़ तय कर लिया था। इसकी रजिस्ट्री भी करा ली थी। जब मंदिर ने इस जमीन को खरीदने की इच्छा जताई तो सुल्तान अंसारी और रवि मोहन तिवारी ने पाठक परिवार से इस जमीन का बैनामा तय रेट पर 18 मार्च 2021 को कराया। फिर उसे आज की रेट के हिसाब से श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को बेचा। इसमें कहीं से भी कोई घोटाला और हेराफेरी नहीं है। ये केवल राम भक्तों को गुमराह करने के लिए साजिश है।

मंदिर परिसर के आसपास की जमीनें खरीद रहा ट्रस्ट
  • राम मंदिर ट्रस्ट को 70 एकड़ जमीन केंद्र सरकार की तरफ से मिली थी। ये वो जमीन थी जिसे केंद्र सरकार ने अधिग्रहित किया था।
  • ट्रस्ट ने मंदिर के विस्तार का प्लान बनाया। इसके लिए अब 108 एकड़ चाहिए। पहले मंदिर परिसर 3 एकड़ में बना था, जिसे अब 5 एकड़ में बनाया जाएगा।
  • इसके आसपास के 70 एकड़ जमीन की खरीदारी हो रही है।
  • हाल ही में ट्रस्ट ने पास के दो मंदिरों को भी 4-4 करोड़ रुपए में खरीदा है।
  • जिन लोगों से ये जमीन ली जा रही है उन्हें दूसरी जगह स्थापित भी कराया जा रहा है। कोर्ट फीस और स्टाम्प पेपर की खरीदारी ऑनलाइन की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *