Headlines

‘फ्लाइंग सिख’ मिल्खा की पत्नी निर्मल मिल्खा का कोरोना से निधन

चंडीगढ़: महान भारतीय धावक मिल्खा सिंह की पत्नी निर्मल मिल्खा सिंह कोरोना वायरस से जंग हार गई। निर्मल मिल्खा सिंह 85 वर्ष की थीं। पति मिल्खा सिंह अस्पताल में भर्ती होने के कारण उनके अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके। निर्मल मिल्खा सिंह का आज शाम 4 बजे कोविड के चलते निधन हो गया।

परिवार ने कहा कि पंजाब सरकार में महिला खेल निदेशक और भारतीय महिला राष्ट्रीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान रहीं निर्मल जी ने अंत तक कोरोना के खिलाफ बहादुरी से लड़ाई लड़ी। वह मिल्खा परिवार की रीढ़ की हड्डी थीं। मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने निर्मल मिल्खा सिंह के निधन पर शोक व्यक्त किया।

नहीं हो सके अंतिम संस्कार में शामिल

बताया गया है कि ‘फ्लाइंग सिख’ मिल्खा सिंह आज शाम हुए उनके दाह संस्कार में शामिल नहीं हो सके क्योंकि वे अभी भी आईसीयू में हैं। परिवार ने लड़ाई के दौरान एकजुटता और प्रार्थना के लिए सभी का आभार व्यक्त किया है, जिसने उन्हें बहादुरी से इसका सामना करने की ताकत दी।

वॉलीबॉल टीम की कप्तान निर्मल मिल्खा

निर्मल मिल्खा का जन्म 8 अक्टूबर 1938 को पाकिस्तान के शेखपुरा में हुआ था। वह तीन अलग-अलग समय पर पंजाब वॉलीबॉल टीम की कप्तान थीं। 1955 में वह भारत वॉलीबॉल टीम के हिस्से के रूप में श्रीलंका के दौरे पर भी गईं, यहीं पर उनकी मुलाकात मिल्खा सिंह से हुई थी, फिर दोनों ने 1962 में शादी कर ली। उनके परिवार में बेटा जीव मिल्खा और एक बेटी है। बेटी मोना मिल्खा सिंह न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन हॉस्पिटल सेंटर में डॉक्टर है।

आपको बता दें कि कोविड-19 का सामना कर रहे महान भारतीय फर्राटा धावक मिल्खा सिंह का इलाज चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर अस्पताल में चल रहा है। हाल ही में PGI चंडीगढ़ ने मिल्खा सिंह की तस्वीर भी जारी की थी, फिलहाल मिल्खा सिंह आईसीयू में भर्ती हैं।

Read More: French Open Final: 19वां ग्रैंड स्लैम जीत जोकोविच ने रचा इतिहास

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *