बाड़मेर। राजस्व मंत्री हरीश चौधरी का इस्तीफा मांगे जाने की चल रही खबरों के बीच बयान आया कि मुझसे किसी ने इस्तीफा नहीं मांगा अगर इस्तीफे की बात आई तो मैं इसके लिए तैयार हूं। वैसे मुख्यमंत्री के पास तो मुझे हटाने और बनाने दोनों के अधिकार है फिर इस्तीफा मांगने की उन्हें जरूरत कहां हैं। मैं कोई म्यूनिपलेशन से मंत्री नहीं बना। पार्टी और मुख्यमंत्री का मुझ पर विश्वास है इसलिए मंत्री बना हूं।
पावर ब्रोकरों का खेल, मैं विचलित होने वाला नहीं
कमलेश प्रजापत केस व पंजाब मामले में लगे आरोपों को खारिज करते हुए चौधरी ने प्रत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ये पावर ब्रोकरों का खेल है जो मेरे खिलाफ षडय़ंत्र कर रहे है । पावर ब्रोकर जो अपना अधिपत्य कायम रखने के लिए कोशिश करते है कि समाज में प्राथमिकता से काम ना हो। उन्होंने कहा कि ये लोग और किसी को विचलित कर सकते है हरीश चौधरी किसान का बेटा है इनसे घबराने वाला नहीं। मैं सामान्यजन के सहयोग से यहां तक पहुंचा हूं, पावर ब्रोकरी करके नहीं पहुंचा हूं। मैंने किसी के कंधे पर चढ़कर राजनीति नहीं की सिर्फ जनता के विश्वास पर आगे बढ़ा हूं।
मीडिया को भी लपेटा, कहा,वीडियों है तो जारी करों ना
उन्होंने मीडिया पर भी सवाल खड़े किए और कहा कि मीडिया सही प्रश्न नहीं उठाएगी तो देश कभी मजबूत नहीं हो सकता। चौधरी बोले कि मीडिया को सवाल करने का अधिकार भी है और यह दायित्व भी सवाल करें,लेकिन एक के बाद एक पावर ब्रोकर्स के इशारे पर खबरे प्रकाशित करें तो हमें भी संविधान में अधिकार मिले हुए हैं। उन्होंने सीधे तौर पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दे डाली। पंजाब के मामले पर चर्चा करते हुए कहा कि उनका कोई लेना देना नहीं है। उनका कोई वीडियों है तो उसे सार्वजनिक क्यों नहीं किया जा रहा।
चौधरी की दिल्ली यात्रा चर्चा में
इस बीच पता चला है कि उन्हें दिल्ली तलब किया गया था। कल वे दिल्ली में ही थे। चौधरी वहां से लौटने और कुछ समाचार पत्रों में इस बारे में छपी खबर के बाद मीडिया के सामने आए। उनकी दिल्ली यात्रा के कारण ही खबरों का बाजार गर्म हुआ। यहां गौरतलब है कि कमलेश प्रजापत केस को सीबीआई को सौंपने के बाद राजनीतिक हलकों में नई हलचल देखी जा रही है। पंजाब मसले में चौधरी का नाम पहले भी उछला था उस बारे में वे पहले भी सफाई दे चुके है,जबकि विरोधियों का कहना है कि चौधरी ने पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेन्द्र सिंह से माफी मांग लिए जाने के कारण पंजाब वाला मामला शांत हुआ हैं।
