जयपुर। कांग्रेस विधायक हेमाराम चौधरी के इस्तीफे पर फैसला अभी नहीं होगा। विधानसभा अध्यक्ष सीपी जोशी ने अभी लॉकडाउन नहीं हटने का हवाला देकर उनसे मिलने और इस्तीफे पर सुनवाई करने से इनकार कर दिया है। हेमाराम चौधरी को विधानसभा सचिवालय ने इस बारे में अवगत करवा दिया है।
उधर, हेमाराम को मनाने की भी कवायद जारी है। स्वयं हेमाराम ने भी इसकी पुष्टि की और कहा कि सचिन पायलट व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा से उनकी मुलाकात हुई है और दोनों ने ही इस्तीफा वापस लेने का आग्रह किया लेकिन मैं अब विवेक से ही फैसला लूंगा। हेमाराम के इस्तीफे के मामले में विधानसभा अध्यक्ष के स्तर पर अभी फैसला होने के आसार कम हैं। अभी लॉकडाउन के पूरी तरह हटने में वक्त लगेगा, तब तक यह मामला लंबित रहेगा।
हेमाराम चौधरी ने कहा- मैं तो इस्तीफा दे चुका हूं, अब विधानसभा अध्यक्ष को फैसला करना है। मैं तो अध्यक्ष के सामने पेश होने आया था, मुझे विधानसभा सचिव ने चिठ्ठी भेजी थी, इसलिए उनसे संपर्क किया। सचिव ने कहा अभी लॉकडाउन पूरी तरह नहीं हटा है इसलिए अध्यक्ष सुनवाई नहीं करेंगे। जब लॉकडाउन पूरी तरह खत्म हो जाए तब अध्यक्ष मिलेंगे।
