Headlines

कानपुर में बड़ा हादसा, लोडर और बस में भिड़ंत, 17 लोगों की मौत

कानपुर: उत्तर प्रदेश के कानपुर में बड़ा हादसा हो गया है। यहां सचेंडी में मंगलवार देर रात एसी शताब्दी बस और लोडर में भिड़ंत हो गई। इसमें अब तक 17 लोगों की मौत की खबर है। घायलों की संख्या 30 से ज्यादा बताई जा रही है। इनमें 16 की हालत गंभीर बताई जा रही है। इन्हें अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस भी कम पड़ गए। आनन-फानन में रेस्क्यू टीम और पुलिस ने लोडर के जरिए कई घायलों को हैलट हॉस्पिटल पहुंचाया है। मौके पर अभी भी रेस्क्यू जारी है। उधर, हादसे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना पर शोक जताया। उन्होंने हादसे की जांच के आदेश दिए हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कानपुर सड़क हादसे पर दुःख प्रकट किया है और दुर्घटना के कारण जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रु., घायलों को 50,000 रु देने की घोषणा की है।

स्लीपर बस कानपुर से अहमदाबाद जा रही थी

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार जय अंबे ट्रैवल्स की स्लीपर बस कानपुर से अहमदाबाद जा रही थी। इसमें करीब 45 लोग सवार थे। कानपुर से 10 किलोमीटर दूर बस जैसे ही किसान नगर पहुंची पीछे से एक DCM ने ओवरटेक करने की कोशिश की। इस दौरान सामने आ रही टैंपो बीच में फंस गई और ये हादसा हो गया। टैंपो में सवार सभी लोगों की मौत होने की सूचना है। इसके अलावा बस में सवार कई लोगों की मौत भी हो चुकी है।

हादसे की खबर मिलते ही बस और टैंपो में सवार यात्रियों के परिजन हैलट अस्पताल पहुंच गए। एक बुजुर्ग महिला अपने बेटे की लाश स्ट्रेचर पर देख बेसुध हो गई। बार-बार बुजुर्ग डॉक्टर से पूछती रही कि मेरा बेटा ठीक तो हो जाएगा। डॉक्टरों ने ढांढस बंधाया तो बुजुर्ग बेटे के माथे को चूमने लगी। ये नजारा देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *