नई दिल्ली: स्वास्थय मंत्रालय ने प्राइवेट अस्पतालों के लिए कोरोना वैक्सीन के दाम तय कर दिए हैं। इसके मुताबिक कोविशील्ड का दाम 780 रुपये प्रति डोज़ होगा, जबकि कोवैक्सीन का दाम 1410 रुपये प्रति डोज़ होगा। वहीं स्पूतनिक-V का दाम प्राईवेट अस्पतालों के लिए 1145 प्रति डोज़ होगा। पर अभी यह साफ नहीं है कि केंद्र सरकार ने निजी अस्पतालों के लिए अधिकतम 150 रुपए सर्विस चार्ज की जो सीमा तय की है, वो इन कीमतों में शामिल है या नहीं।
केंद्र ने 44 करोड़ डोज का ऑर्डर दिया
राज्यों को मुफ्त वैक्सीन देने के ऐलान के अगले ही दिन केंद्र सरकार ने वैक्सीन का एक बड़ा ऑर्डर दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को 44 करोड़ वैक्सीन का ऑर्डर जारी किया। इसमें 25 करोड़ कोवीशील्ड और 19 करोड़ कोवैक्सिन शामिल हैं। सरकार ने कंपनियों को ऑर्डर की 30% रकम भी एडवांस में जारी कर दी है।
वैक्सीनेशन प्रोग्राम की नई गाइडलाइंस जारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार राष्ट्र के नाम संदेश में ऐलान किया था कि 21 जून से 18 साल से ज्यादा उम्र वालों को भी फ्री वैक्सीन का फायदा मिलेगा। स्वास्थ्य मंत्रालय ने वैक्सीनेशन प्रोग्राम की नई गाइडलाइंस जारी कर दी है। इसके मुताबिक केंद्र सरकार वैक्सीन निर्माता कंपनियों से 75% डोज खरीद कर राज्यों को मुफ्त में देगी, लेकिन राज्यों को वैक्सीन के डोज वेस्ट करने से बचना होगा, नहीं तो उन्हें मिलने वाली सप्लाई पर असर पड़ेगा।
