नई दिल्ली: सुप्रीम कोर्ट ने कोविड से जुड़ी याचिकाओं पर सोमवार को सुनवाई की। वैक्सीनेशन के मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र पर सवाल उठाए की देश में वैक्सीन अलग अलग दाम पर क्यों है। केंद्र सरकार से वैक्सीन की खरीद के लिए ‘ड्यूल पॉलिसी’ और कोविन प्लेटफॉर्म एक्सेस करने को लेकर कड़े सवाल पूछे।
सुप्रीम कोर्ट का केंद्र के दिए तर्क पर सवाल
जस्टिस बेंच ने कहा – केंद्र कहता है कि वो ज्यादा वैक्सीन खरीदता है इसलिए कम कीमत चुकाता है। अगर यही तर्क है तो राज्य ज्यादा पैसा क्यों दे रहे हैं? पूरे देशभर में वैक्सीन का दाम एक होना चाहिए।
कोर्ट ने केंद्र से रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था पूछी
बेंच ने पूछा कि जिन ग्रामीण इलाकों में लोग डिजिटल प्रणाली से वाकिफ नहीं हैं, उनके लिए वैक्सीनेशन का क्या प्लान बनाया जा रहा है? केंद्र ने कहा था कि ग्रामीण एनजीओ (NGO) के जरिए कोविन ऐप (Cowin App) पर रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। हमारी अदालत के क्लर्क और सचिवों ने कोविन पर रजिस्ट्रेशन की कोशिश की है तो हमें पता है वो कैसे काम करता है।
सुप्रीम कोर्ट ने महामारी को लेकर दी हिदायत
जस्टिस डीवाई चंद्रचूड़ ने महामारी के चलते भारत के मौजूदा हालात पर चिंता जताई। जस्टिस चंद्रचूड़ ने हिदायती लहजे में कहा- हम चाहते हैं कि आप हकीकत से वाकिफ हों कि देश में क्या हो रहा है। जिससे केंद्र जरूरी बदलाव करें।
