मुंबई : भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने स्पेशल जनरल मीटिंग में IPL 2021 के बचे हुए 31 मैचों को UAE में कराने के फैसले पर मुहर लगा दी है। बोर्ड के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने इसकी पुष्टि की। बोर्ड ने कहा कि इसके लिए सितंबर-अक्टूबर विंडो को ही ध्यान में रखा गया है। UAE भी अपने 3 ग्राउंड अबू धाबी, शारजाह और दुबई में IPL के मैच कराने को लेकर खुश है।
कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा भी करेगा
मीटिंग में इस बात पर भी फैसला लिया गया कि आने वाले दिनों बोर्ड विदेशी खिलाड़ियों को लेकर दूसरे देशों के बोर्ड से भी बातचीत करेगा। इंग्लिश बोर्ड ने पहले ही खिलाड़ियों के ऊपर पाबंदी लगा रखी है। टी-20 वर्ल्ड कप को लेकर 1 जून को इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल की मीटिंग होनी है। BCCI वर्ल्ड कप को होस्ट करने को लेकर फैसला लेने के लिए मीटिंग में जून तक का समय मांगेगा। बोर्ड वर्ल्ड कप को लेकर कोई भी फैसला लेने से पहले भारत में कोविड-19 की स्थिति की समीक्षा भी करेगा।
NEWS ? BCCI to conduct remaining matches of VIVO IPL in UAE.
More details here – https://t.co/HNaT0TVpz1 #VIVOIPL pic.twitter.com/nua3e01RJt
— BCCI (@BCCI) May 29, 2021
9 शहरों को वर्ल्ड कप के लिए तैयारी करने को कहा गया
अप्रैल में अपनी पिछली अपेक्स काउंसिल की बैठक में, बोर्ड ने टी-20 वर्ल्ड कप के लिए 9 स्थानों का चयन किया था। इनमें मुंबई, नई दिल्ली, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, धर्मशाला, अहमदाबाद और लखनऊ शामिल हैं। इनमें से 6 राज्यों में IPL 2021 सीजन के मैच भी कराए गए। पर बीच सीजन में 29 मैचों के बाद कुछ खिलाड़ियों के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद लीग को सस्पेंड करना पड़ा था। बोर्ड ने बताया कि सभी स्टेट एसोसिएशंस को पूरी तैयारी रखने को कहा गया है।
UAE में IPL के साथ टी-20 वर्ल्ड कप कराने पर भी विचार
कोरोना की वजह से IPL सस्पेंड होने के बाद से भारत पर टी-20 वर्ल्ड कप की मेजबानी को लेकर तलवार लटक रही है। ICC ने बैकअप के तौर पर UAE को भी ऑप्शन में रखा है। ऐसे में बोर्ड जून तक का समय लेकर विचार कर सकता है कि IPL की मेजबानी के साथ-साथ वर्ल्ड कप की मेजबानी भी UAE को दे दी जाए।
रेवेन्यू को लेकर भी हुई चर्चा
बोर्ड को टी-20 वर्ल्ड कप के लिए रेवेन्यू भी जनरेट करना है। हाल ही में BCCI और सरकार के बीच वर्ल्ड कप के लिए टैक्स में छूट देने की मांग भी उठी थी। हालांकि सरकार ने अभी तक इसको लेकर कोई फैसला नहीं लिया है। अगर केंद्र सरकार टैक्स में 10% की भी छूट देती है, तो बोर्ड को करीब 226 करोड़ रुपए चुकाने होंगे। वहीं, कोई भी छूट नहीं देने की स्थिति में BCCI को वर्ल्ड कप कराने के लिए 906 करोड़ रुपए देने होंगे।
