जयपुर: हर साल की तरह इस बार भी ग्रीष्म ऋतु में नौतपा शुरू होगा। ये 25 मई से शुरू होगा, जो 3 जून तक रहेगा। इस दौरान प्रदेश में तेज गर्मी पड़ेगी। भले ही नौपता कल से शुरू हो रहा हो, लेकिन सूरज ने आज से भी अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए है। आज जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में मौसम साफ रहा और तेज धूप निकली। मौसम विभाग की माने तो 28 मई तक प्रदेश का मौसम साफ रहेगा और पारा 40 डिग्री के पार जाने की संभावना है।
ज्योतिषियों के माने तो सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश के साथ ही नौतपा शुरू हो जाता है। इस बारे में कहा जाता है कि सूर्य जब रोहिणी नक्षत्र में 14 दिनों के लिए आता है, तो उन पंद्रह दिनों के पहले नौ दिन सर्वाधिक गर्मी वाले होते हैं। इन्हीं शुरुआती नौ दिनों को नौतपा के नाम से जाना जाता है। सूर्य के रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते ही धरती का तापमान तेजी से बढ़ने लगेगा। ज्योतिषियों के मुताबिक इस साल रोहिणी का निवास तट पर रहेगा। बारिश अच्छी होगी, जिससे फसल का उत्पादन भी अच्छा होगा।
साफ रहेगा प्रदेश का मौसम
मौसम विभाग की माने तो आने वाले 3-4 दिन प्रदेश में मौसम साफ रहेगा। बीते दिनों ताऊ ते के आने से पहले प्रदेश का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस या उससे ज्यादा था, लेकिन इसके आने के बाद से अब तक तापमान में गिरावट बनी हुई है।
