लखनऊ: राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के नेशनल प्रेसिडेंट चौधरी अजित सिंह के निधन के बाद अब पार्टी की कमान किसे सौंपी जाए, इस पर चर्चा तेज है। जानकारी के मुताबिक 25 मई को राष्ट्रीय कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक होनी है। जिसमें पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम पर मुहर लगा सकती है।
सूत्रों के मुताबिक चौधरी अजित सिंह के बाद राष्ट्रीय लोकदल की बागडोर उनके बेटे जयंत चौधरी को सौंपी जा सकती है। बता दें कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह का गत छह मई को निधन हो गया था। इसके बाद से राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद रिक्त है। 25 मई को सुबह 11 बजे राष्ट्रीय कार्यकारिणी की वर्चुअल बैठक बुलाई गई है।
कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए सामान्य बैठक करने के हालात नहीं हैं, ऐसे में वर्चुअल बैठक ही एक तरीका है। बताया जा रहा है कि रालोद की और से वर्चुअल बैठक के जरिए राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित करने के लिए निर्वाचन आयोग से अनुमति मांगी गयी है। इसके लिए आयोग से अनुमति के बाद 25 मई को संभावित रूप से जयंत की ताजपोशी तय मानी जा रही है।
