जयपुर। प्रदेश में कोरोना से ठीक होकर घर पहुँचने वालों के बढ़े आंकड़े तथा संक्रमितों की संख्या में आज आई गिरावट की खबर सुन हर किसी के मुंह से ये ही शब्द निकले होंगे कि ‘हे भगवान! ऐसे ही लोगों को अधिक से अधिक कोरोना से मुक्ति दिलवाना।’ कोरोना की दूसरी लहर में यह पहला मौका है कि संक्रमितों से ज्यादा रिकवर होकर लोग घर पहुंचे हैं। प्रदेश में पिछले 24 घंटों के जो आंकड़े जारी हुए है उसके अनुसार संक्रमितों की संख्या 13,565रही, जबकि 17,481 रिकवर हो घर पहुंचे। यानी संक्रमितों से रिकवर होने वाले 4 हजार अधिक है। ऐसा दूसरी लहर में कभी नहीं हुआ है।
जयपुर में भी संक्रमित की संख्या आज घटकर 2605 रह गई। एक -दो जिलों को अपवाद स्वरूप छोड़ भी दे तो प्रदेश के अन्य जिलों में भी गिरावट के कुछ ऐसे ही आंकड़े सामने आए है। ऐसा लगता है कि दूसरी लहर का प्रकोप कुछ कम हुआ है, हालांकि गंभीर मरीजों के मरने का क्रम यूं ही जारी है। आज भी 149 मौते हुई।
हालांकि आंकड़ों को लेकर सवाल भी उठ रहे है।आज की टोटल सैंपलिंग लगभग 50 हजार और पॉजिटिव 13565 आई है। इस हिसाब से 27% लोग पॉजिटिव आ रहे हैं। जानकारों का कहना है कि सैंपलिंग कम करके आंकड़े घटाने का यह अच्छा तरीका है।
चिकित्सा विभाग से संक्रमण के प्राप्त आंकड़ो के अनुसार उदयपुर में 957, जोधपुर में 875, अलवर में 751, कोटा में 701, झुंझुनूं में 575, भरतपुर में 570, अजमेर में 510, सीकर में 485,बीकानेर में 447 व राजसमंद में 420 संक्रमित पाए गए।
