नई दिल्ली: देश में तेजी से बढ़ते कोरोना के मामलों और अव्यवस्थाओं को देखते हुए नकारात्मक माहौल बन गया है। ऐसे में इसे दूर करने के लिए दिल्ली स्थित कोविड रिस्पॉन्स टीम द्वारा 5 दिन का ‘हम जीतेंगे- पॉजिटिविटी अनलिमिटेड’, व्याख्यान शुरू किया गया। इसके तहत 15 मई को संघ प्रमुख मोहन भागवत ने सकारात्मक महौल बनाने की अपील की।
संघ प्रमुख ने कहा, कोरोना आपदा मानवता पर है, भारत को विश्व के सामने अपना उदाहरण रखना है, सारे भारत को एक समूह के नाते सारे भेद भूलकर सभी को एक टीम की तरह काम करना है। उन्होंने कहा, हमें सकारात्मक रहना होगा और मौजूदा स्थिति में खुद को कोरोना नकारात्मक रखने के लिए सावधानी बरतनी होगी। साथ ही कहा कि जब तक जीत न जाएं तब तक लड़ना है।
तर्कहीन बयान देने से बचें
मोहन भागवत ने कहा, वर्तमान कोरोना महामारी से बनी परिस्थितियों में तर्कहीन बयान देने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा, यह वक्त परीक्षा का है। हमें एकजुट रहना है और टीम की तरह काम करना है। उन्होंने कहा, सफलता और असफलता अंतिम नहीं हैं। जारी रखने का साहस ही मायने रखता है।
भागवत ने कहा, हम सभी आम जनता, सरकार और प्रशासन, पहली लहर के बाद आत्मसंतुष्ट हो गए। यही वजह है कि अब हम समस्या का सामना कर रहे हैं। अब तीसरी लहर की बात हो रही है लेकिन हमें डरने की नहीं बल्कि खुद को तैयार करने की जरूरत है।
