जयपुर : बम ब्लास्ट (Jaipur Bomb Blast) की आज 13वीं बरसी है। आज ही के दिन 13 मई 2008 को शाम करीब 7:30 बजे से शहर के परकोटा क्षेत्र में सिलसिलेवार तरीके से आतंकियों ने दो मंदिरों सहित छह जगहों पर आठ बम ब्लास्ट किए थे। इनमें 71 निर्दोष लोगों की जान चली गई थी। जबकि, 185 लोग घायल हो गए थे। हर साल मृतकों की याद में आज के दिन शहर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम, रक्तदान शिविर सहित चांदपोल व सांगानेरी गेट हनुमान मंदिर पर महाआरती और विशेष प्रार्थना सभा का आयोजन किया जाता था। जो इस बार लॉकडाउन की वजह से स्थगित कर दिए गए हैं।
यहां हुए बम धमाके
आतंकियों ने बड़ी चौपड़, मानक चौक पुलिस स्टेशन के पास, जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़ और कोतवाली इलाके में 15 मिनट के अंदर 8 सीरियल बम धमाके किए। पहला धमाका शाम करीब 7.10 बजे हुआ था। धमाकों के बाद हर तरफ तबाही का मंजर था।

अंजाम तक पहुंचा आतंक
जयपुर के दिल को दहलाने वाले (Jaipur Bomb Blast) आंतकियों को फांसी की सजा हो चुकी है। इसमें सैफुर्रहमान, सरवर आजमी, मोहम्मद सैफ और सलमान शामिल हैं। जिन्होंने साइकिल में बम फिट कर सिलसिलेवार धमाकों को अंजाम दिया था। जयपुर सीरियल ब्लास्ट के दौरान चांदपोल हनुमान मंदिर , माणक चौक थाना एरिया, मणिहारों का रास्ता एरिया, छोटी चौपड़ सांगानेरी गेट रामचंद्र मंदिर और जौहरी बाजार एरिया में बम प्लांट किए गए थे।
महाआरती और पूजा इस बार घर पर ही
कई सामाजिक और धार्मिंक संगठनों की ओर से हर साल 13 मई को सांगानेरी गेट हनुमान मंदिर में हजारों दीपकों के साथ महाआरती की जाती रही है लेकिन इस साल यह नहीं होगी। लाॅकडाउन और कोरोना के चलते इस बार मंदिरों को बंद कर दिया गया है। भीड़ को किसी भी सूरत में अनुमति नहीं है। ऐसे में शाम के समय घर पर ही दीपकर जलाकर और भगवान से प्रार्थना कर धमाकों का शिकार हुए लोगों की आत्मा शांति की प्रार्थना की जा सकती है।
