नई दिल्ली : राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के तेज गेंदबाज चेतन सकारिया के पिता कांजीभाई सकारिया का कोरोना से निधन हो गया है। वह पिछले कई दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। उन्होंने रविवार को अंतिम सांस ली। चेतन सकारिया के पिता के निधन की जानकारी Rajasthan Royals ने ट्वीट कर दी। फ्रेंचाइजी ने लिखा, ‘ बहुत पीड़ा के साथ सूचित करना पड़ रहा है कि कांजीभाई सकारिया कोरोना से जंग हार गए हैं। हम चेतन सकारिया के संपर्क में हैं और इस कठिन समय में उन्हें और उनके परिवार को हर संभव सहायता प्रदान करेंगे।’
It pains us so much to confirm that Mr Kanjibhai Sakariya lost his battle with Covid-19 earlier today.
We’re in touch with Chetan and will provide all possible support to him and his family in this difficult time.
— Rajasthan Royals (@rajasthanroyals) May 9, 2021
पिता के इलाज के लिए भेजी थी सैलरी
बता दें कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 14वें सीजन के दौरान चेतन सकारिया को जब सूचना मिली कि उनके पिता कोरोना से संक्रमित हो गए हैं तो उन्होंने तुरंत अपनी सैलरी पिता के इलाज के लिए भेजी थी। सकारिया ने बताया था कि वह अपने परिवार में अकेले कमाने वाले इंसान हैं और आईपीएल से मिले पैसों की वजह से ही उनके पिता का इलाज संभव हो पाया।
आईपीएल टलने के बाद पहुंचे थे घर
आईपीएल के टलने के बाद सकारिया भावनगर स्थित अपने घर पहुंचे। यहां पर उनका ज्यादातर समय अस्पताल में ही गुजर रहा था। सकारिया घर पहुंचने के बाद पीपीई किट पहनकर अपने पिता को देखने के लिए अस्पताल गए थे। साकरिया ने कहा था कि वह अपने पिता के बेहतर इलाज के लिए IPL 2021 से हुई सारी कमाई लगा देंगे। लेकिन अफसोस उनके पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं।
भाई ने कर ली थी आत्महत्या
सकारिया के घर 6 महीने के अंदर ये दूसरी मौत हुई है। इससे पहले उनके भाई ने जनवरी में आत्महत्या कर ली थी। सकारिया ने कहा था कि वह तब सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेल रहे थे, इसलिए घर पर नहीं थे। घर लौटने से पहले तक उन्हें यह भी पता नहीं था कि उनका भाई गुजर चुका है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट के दौरान जब भी अपने परिजनों से भाई से बात कराने के लिए कहा, तो बहाना बनाकर टाल दिया जाता था।
