भरतपुर : भरतपुर के बयाना थाना इलाके में युवक को जब वीडियो बनाने से मना किया तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग करने के वीडियो को कैमरे में कैद कर लिया गया। पीड़ित परिवार ने इसकी शिकायत बयाना थाने में की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि बयाना के दमदमा रोड स्थित गैस गोदाम इलाके में देवनायारण योगी किराए से कमरा लेकर रहता है। वह पढ़ाई करता है। रविवार को देवनारायण के भाई खुशीराम और भाभी अनीता बुढ़वार गांव से देवनारायण के पास आए थे। शाम करीब 7 बजे देवनारायण और उसके भाई-भाभी छत पर घूम रहे थे। देवनारायण के घर के सामने बबलू फौजी नाम का युवक रहता है। वह अनीता की वीडियो बनाने लगा। देवनारायण और खुशीराम ने बबलू को वीडियो बनाने से मना किया। दोनों में बहस हुई। इस पर बबलू उन्हें गालियां देते हुए नीचे जाकर बंदूक ले आया। बबलू ने सीधे तीन राउंड गोलियां देवनारायण और उसके भाई-भाभी पर चलाईं। एक गोली हवा में दाग दी।
हथियार की जांच की जा रही
देवनारायण और उसके भाई-भाभी ने छत पर छिप कर अपनी जान बचाई। देवनारायण ने यह पूरी घटना अपने मोबाइल में कैद कर ली। गोलियों की आवाज सुन बबलू के परिजन भी छत पर आ गए और उसे घर में ले गए। देवनारायण ने इस घटना की सूचना तुरंत बयाना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बबलू को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले पर बयाना थाना अधिकारी ने बताया कि देवनारायण नाम के युवक ने थाने में शिकायत दी है। उसकी भाभी और भाई छत पर घूम रहे थे, तभी उसके घर के सामने रहने वाले युवक बबलू फौजी उनका वीडियो बनाने लगा। जब उसे वीडियो बनाने से रोका तो उसने फायर करना शुरू कर दिया। इसके बाद उन्होंने छत पर छिप कर अपनी जान बचाई। शिकायत के बाद बबलू फौजी को गिरफ्तार कर लिया गया है। फिलहाल उसके हथियार की जांच की जा रही है।