जयपुर: राज्य सरकार के एलपीजी वितरण (डोर टू डोर) में लगे कर्मचारियों के टीकाकरण के आदेश के बावजूद जयपुर CMHO द्वारा कर्मिकों के टीका न लगवाने के कारण 21 मई से जयपुर में गैस सिलिंडर (Gas Cylinder) की होम डिलिवरी बंद की जा रही है। राज्य में पिछले एक वर्ष से भी ज़्यादा समय से वैश्विक कोरोना महामारी के बीच एल पी जी हॉकर्स बिना रुके ग्राहकों के यहां गैस सिलिंडर (Gas Cylinder) की आपूर्ति कर रहे हैं।
राज्य सरकार ने भी 18 वर्ष से ऊपर के सभी वयस्कों के टीकाकरण का अभियान चलाया है। साथ ही सचिव, स्वास्थ्य विभाग, खाद्य विभाग तथा ज़िला कलेक्टर सभी ने पृथक-पृथक आदेश निकाल कर जयपुर CMHO से एल पी जी वितरण में लगे कर्मिकों के प्राथमिकता से टीकाकरण के लिये निर्देश दिये हैं। इन आदेशों के हवाले से एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर्स फ़ेडरेशन ने भी जयपुर CMHO से कई बार आग्रह किया है परन्तु हर बार निराशा ही हाथ लगी है। स्थिति इतनी संवेदनशील हो गयी है की एल पी जी वितरण कार्य में लगे कर्मचारियों ने बिना टीके लगे ग्राहकों के घरों पर जाने से मना कर दिया है।
गैस सिलिंडरों की होम डिलीवरी होगी बाधित
गैस डिस्ट्रीब्यूटर एसोसिएशन के महासचिव कार्तिकेय गौड़ ने चेतावनी दी कि हमारे कर्मचारियों के टीकाकरण की तारीख सुनिश्चित कर अविलम्ब टीकाकरण प्रारम्भ किया जाये अन्यथा 21 मई से जयपुर में एल पी जी गैस सिलिंडरों की होम डिलीवरी बाधित हो जाएगी।
