अजमेर : जिले के प्रोपर्टी व्यवसायी की फिरोजाबाद UP में हत्या कर शव जमीन में गाड़ दिया गया। पुरानी रंजिश को लेकर यह वारदात अंजाम दी गई। मृतक नितेश के पिता की ओर से अपहरण कर हत्या की आशंका जताने का मुकदमा दर्ज कराने के बाद अजमेर पुलिस हरकत में आई। यूपी पहुंची और शव को बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है। पूछताछ की जा रही है।
अजमेर SP विकास शर्मा से जब इस सम्बन्ध में बात की तो उनका कहना रहा कि मृतक युवक नितेश नैन (28) के पिता ने अपहरण व हत्या की आंशका जताई। इस पर पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस टीम यूपी पहुंची। नितेश की बॉडी एक मकान में जमीन के अंदर गड़ी मिली। पुलिस ने बॉडी को बरामद किया। अजमेर में पोस्टमार्टम के बाद परिजन के सुपुर्द कर दिया। इस वारदात में संदिग्ध कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ की जा रही है।

हिस्ट्रीशीटर हरि लंगड़ा व अन्य के खिलाफ पिता ने कराई थी FIR
अजमेर के सरस्वती नगर, गली नं. 3, धोलाभाटा रोड पर रहने वाले प्रेमचंद नैन पुत्र किशनलाल नैन (66) ने रिपोर्ट देकर बताया कि वह बुजुर्ग हैं। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी के पद से रिटायर्ड है। पिछले कुछ समय से अजमेर शहर के गंज थाने के आदतन अपराधी हरि लंगडा और उसके गिरोह से पूरा परिवार परेशान है। हरि लंगडा के गिरोह ने 23 सितम्बर 2021 को घर पर जानलेवा हमला भी किया था। इसका मामला रामगंज थाने में दर्ज कराया। इसके बाद उनकी बेटी जयश्री व दामाद राजकुमार के टेन्ट हाउस का गोदाम है। गत 18 अक्टूबर 2021 को गोदाम में हरि लंगडा गिरोह ने आग लगा दी। जिससे काफी नुकसान हुआ।
हरिलंगडा व उसके गिरोह के लोग जमानत होने के बाद से ही वापस उसे व उसके परिवार को परेशान करने की योजनाएं बनाने लगे। इसकी शिकायत पुलिस में की गई, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उनका बेटा नितेश नैन (28) की 31 जनवरी को उनके दूसरे बेटे हेमंत नैन से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। नितेश ने बताया था कि उसके पीछे अपराधी मनोज यादव निवासी कुंदन नगर और यूपी के कुछ और लोग हैं। हरि लंगडा के कहने पर उसका पीछा कर रहे है। कभी भी उसके साथ कोई वारदात कर सकते हैं। जान को खतरा है।
इसके बाद से ही नितेश नैन का मोबाइल स्वीच से ऑफ आ रहा था। रिपोर्ट में अंदेशा जताया कि हरिलंगडा गिरोह ने उसके बेटे का अपहरण कर लिया है। हत्या का अंदेशा है। अत: कार्रवाई कर नितेश का पता लगाएं। परिवार की जान माल की सुरक्षा की जाए। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर हरि लंगड़ा व उसके दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

