कोटा : महिला पंचायत समिति चुनाव में हुई हार से नाराज एक महिला नेता ने गुरुवार को भाजपा नेता की चप्पल से पीटाई कर दी। महिला ने यह हरकत भाजपा विधायक मदन दिलावर की मौजूदगी में की। मामला कोटा जिले की खैराबाद पंचायत समिति का है। यहां वार्ड 1 से भाजपा प्रत्याशी हेमलता मेहरा ने चुनाव लड़ा था। इस चुनाव में हेमलता की हार हुई थी, जिसका ठीकरा हेमलता ने स्थानीय बीजेपी नेता नितिन शर्मा पर फोड़ा। इसी बात से नाराज हेमलता ने भीड़ में भाजपा नेता पर चप्पल से हमला कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ये घटना मोबाइल में कैद कर ली।

घटना दो दिन पुरानी बताई जा रही है। गुरुवार को रामगंजमंडी विधायक मदन दिलावर, कॉलेज सौंदर्यीकरण को लेकर चेचट में चल रहे धरने को खत्म करवाने आए थे। उन्होंने धरने पर बैठे लोगों को समस्या समाधान का आश्वासन दिया। इसी दौरान पंचायत समिति चुनाव में वार्ड 1 से भाजपा प्रत्याशी रही हेमलता मेहरा ने चुनाव में हराने का आरोप लगाया। विधायक मदन दिलावर की मौजूदगी में नितिन शर्मा पर चप्पल से हमला कर दिया। दोनों के बीच जमकर बहस हुई। वीडियो में विधायक मदन दिलावर भी बोलते नजर आए ये पागलपन है।
