अजमेर : जयपुर से अजमेर घूमने गए बाइक सवार युवक-युवती ट्रेलर के पहिए के नीचे आ गए। इस हादसे में युवती ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि युवक गंभीर है। रविवार को वापस लौटने के दौरान हादसा हो गया। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पुलिस ने शव को यज्ञनारायण अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवाया है। ट्रेलर जब्त कर ली गई है। गार्गी (20) कोटा की रहने वाली थी। जयपुर में रह कर पढ़ाई कर रही थी।
शनिवार को ही जयपुर से चार दोस्तों (दो युवक व दो युवतियां), दो मोटरसाइकिल पर निकले थे। रात में अजमेर रुके और रविवार को किशनगढ़ के रास्ते जयपुर जाना था। इससे पहले यह हादसा हो गया। घायल युवक दिवांशु (25) सॉफ्टेवयर इंजीनियर है। वह दिल्ली का रहने वाला है। अजमेर के गांधी नगर SHO शम्भूसिंह ने बताया कि मकराना चौराहे से रूपनगढ़ की तरफ गार्गी और दिवांशु बाइक पर जा रहे थे। इस दौरान ट्रेलर की चपेट में आ गए। गार्गी की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।

