Headlines

प्रेसीडेंशियल ट्रेन से यात्रा करेंगे राष्ट्रपति कोविंद, NSG कमांडो होंगे साथ

नई दिल्ली: देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शुक्रवार को दिल्ली से कानपुर के लिए स्पेशल ट्रेन में यात्रा करेंगे। राष्ट्रपति कोविंद उत्तर प्रदेश में अपने जन्म स्थान की यात्रा के लिए ट्रेन में सफर करेंगे। राष्ट्रपति जिस ट्रेन से जाएंगे वह प्रेसिडेंशियल ट्रेन है, प्रेसिडेंशियल ट्रेन की सुरक्षा के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं।

देश के जाबांज नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG कमांडो) की सुरक्षा में यह ट्रेन टूंडला और फिरोजाबाद होकर निकलेगी और 5 घंटा 30 मिनट में यह विशेष ट्रेन दिल्ली से कानपुर का सफर करेगी। फिरोजाबाद के SP अशोक कुमार शुक्ला ने कहा कि कल यहां से ट्रेन निकलने वाली है हमने यहां पर मॉक ड्रिल की है और जगह-जगह सुरक्षा के इंतेजाम को देखा जा रहा है। जहा से राष्ट्रपति निकलेंगे वह चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात रहेगी।इस प्रेसिडेंशियल ट्रेन में दो विशेष बोगी (स्पेशल कोच) लगाई गई हैं, जिनमें बुलेटप्रूफ शीशे लगे होते हैं। इस ट्रेन में पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगा होता है।

दिल्ली के सफदरजंग स्टेशन से कानपुर के लिए रवाना होंगे

राष्ट्रपति कोविंद 25 जून को दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से विशेष ट्रेन से कानपुर के लिए रवाना होंगे। आगरा के रेलवे पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक ने बताया कि इस स्पेशल ट्रेन की सुरक्षा व्यवस्था में एनएसजी कमांडो, बम निरोधक दस्ता, फायर ब्रिगेड, सीआरपीएफ और 200 से अधिक जवानों को लगाया जाएगा।

इस दौरे के दौरान राष्ट्रपति स्कूल के दिनों और समाजसेवा के शुरुआती दिनों के अपने पुराने परिचितों के साथ मुलाकात करेंगे। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति बनने के बाद कोविंद की अपने जन्मस्थान की यह पहली यात्रा होगी। हालांकि वह पहले भी यात्रा करना चाहते थे, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के चलते ऐसा नहीं हो सका। बयान में कहा गया है, ‘ट्रेन कानपुर देहात के झिंझक और रुरा में दो जगह रुकेगी, जहां राष्ट्रपति स्कूल के दिनों और समाजसेवा के शुरुआती दिनों के अपने पुराने परिचितों से मुखातिब होंगे.’ बयान के अनुसार ये दोनों जगह कानपुर देहात में राष्ट्रपति के जन्मस्थान परौंख गांव के निकट हैं। यहां 27 जून को उनके सम्मान में दो समारोहों का भी आयोजन किया जाएगा।

2006 में कलाम ने किया था ट्रेन में सफर

पंद्रह साल के अंतराल के बाद कोई निवर्तमान राष्ट्रपति ट्रेन में सफर करेगा। इससे पहले साल 2006 में तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने ट्रेन में सफर किया था। वह भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) के कैडेट की पासिंग आउट परेड में शरीक होने के लिए विशेष ट्रेन से दिल्ली से देहरादून गए थे।

29 जून को लौटेंगे दिल्ली

बयान में कहा गया है कि कोविंद उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ की दो दिवसीय यात्रा के लिए 28 जून को कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन से ट्रेन में रवाना होंगे। 29 जून को वह विशेष उड़ान से नई दिल्ली लौटेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *