नई दिल्ली : केंद्र सरकार ने मंगलवार को गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर पद्म पुरस्कारों का एलान कर दिया। इस साल पद्म विभूषण के लिए कुल चार नाम चुने गए हैं, जबकि 17 हस्तियों के नाम पद्म भूषण के लिए चुने गए हैं। इसके अलावा पद्मश्री सम्मान के लिए 107 नामों का चयन हुआ है। विमान हादसे में शहीद हुए CDS जनरल बिपिन रावत और भाजपा के दिवंगत नेता कल्याण सिंह को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। राजस्थान की पांच हस्तियों को पद्म अवार्ड मिले हैं, इनमें से दो पद्म भूषण और तीन पद्मश्री हैं। पैरालिंपिक पदक विजेता देवेंद्र झाझड़िया और राजस्थान के पूर्व सीएस और पूर्व कैग राजीव महर्षि को पद्म भूषण देने की घोषणा की गई है।
पैरालिंपिक पदक विजेता अवनि लेखरा को पद्मश्री दिया जाएगा। इसके अलावा कला क्षेत्र में चंद्रप्रकाश द्विवेदी और रामदयाल शर्मा को पद्म श्री से सम्मानित करने की घोषणा की गई है। प्रभा अत्रे को कला, राधेश्याम खेमका (मरणोपरांत) को साहित्य और शिक्षा, जनरल बिपिन रावत को सिविल सर्विस और कल्याण सिंह को लोक कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए सम्मानित करने की घोषणा की गई है। इसके अलावा कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद को पद्म भूषण से सम्मानित किया जाएगा।