जयपुर: संसदीय कार्यमंत्री शांति धारीवाल ने राजस्थान को रेप में नंबर वन बताते हुए बेहद आपत्तिजनक बयान दे डाला । धारीवाल ने कहा- ‘रेप के मामले में हम नंबर एक पर है, अब ये रेप के मामले क्यों हैं? कहीं न कहीं गलती है…हंसते हुए आगे कहा- वैसे भी यह राजस्थान तो मर्दों का प्रदेश रहा है यार, उसका क्या करें’? यह कहकर धारीवाल फिर हंसे तो कई मंत्री और कांग्रेस विधायक भी हंसने लगे। किसी ने धारीवाल को टोका तक नहीं। धारीवाल विधानसभा में पुलिस और जेल की अनुदान मांगों पर बहस का जवाब दे रहे थे।
धारीवाल ने कहा- राजस्थान रेप के मामले में नंबर एक पर है, इसमें कोई दो राय नहीं है। नंबर दो पर UP, तीन पर MP, पांच पर असम और नंबर छह पर हरियाणा है।
धारीवाल ने जब रेप के मामले बढ़ने को मर्दों के प्रदेश से जोड़कर बयान दिया तो किसी को गलती का अहसास नहीं हुआ। सरकार के मंत्री और सत्ताधारी पार्टी के विधायक हंसते रहे, किसी ने भी धारीवाल को टोका नहीं, जबकि विपक्ष के विधायक सदन से बायकॉट करके चले गए थे।
बेरोजगारी से बढ़ रहे अपराध
धारीवाल ने बजट अनुदान मांगों पर बहस के जवाब में कहा कि अपराध में आजकल बेरोजगार युवक शामिल होते हैं, पेशेवर और हार्डकोर अपराधी को पकड़ना आसान होता है। पहली बार क्राइम करने वालों को पकड़ना मुश्किल होता है। अपराधों की बढ़ती संख्या का मुख्य कारण बेरोजगारी है।
