जयपुर: राजस्थान में प्रसिद्ध शिवालयों में से एक और साल में एक बार खुलने वाले जयपुर के मोती डूंगरी स्थित एकलिंगेश्वर महादेव मंदिर में इस बार शिवरात्री पर दर्शन नहीं हो सकेंगे। कोरोना के संक्रमण का हवाला देते हुए प्रशासन ने इस मंदिर को इस बार भी बंद रखने का फैसला किया है। इस कारण शिवरात्री पर इस बार भी लोग दर्शन नहीं कर सकेंगे। वहीं जयपुर के वैशाली स्थित झारखण्ड महादेव मंदिर में कल श्रद्धालु दर्शन के साथ-साथ जलाभिषेक कर सकेंगे।
महाशिवरात्रि महापर्व के अवसर पर कल छोटी काशी कहे जाने वाले जयपुर के शिव मंदिरों में इस बार अच्छी खासी भीड़ आने की उम्मीद है। पिछले साल कोरोना के कारण मंदिरों में लोग दर्शन नहीं कर पाए थे। इस बार वैशालीनगर स्थित झारखण्ड महादेव मंदिर में भक्त शिवजी को जल चढ़ा सकेंगे। वहीं चौड़ा रास्ता स्थित ताड़केश्वर महादेव मंदिर में भी लोग जलाभिषेक और दर्शन कर सकेंगे।
सिटी प्लेस स्थित राजराजेश्वर मंदिर में आम भक्त दर्शन कर सकेगें। इस मंदिर में भी आमजन दर्शन कर सकेंगे। इस मंदिर को भी राजपरिवार की ओर से साल में एक बार ही खोला जाता है। इसके अलावा बनीपार्क के जंगलेश्वर महादेव, छोटी चौपड़ स्थित रोजगारेश्वर महादेव, झोटवाड़ा रोड स्थित चमत्कारेश्वर महादेव में बारी-बारी से भक्त जलाभिषेक करेंगे।
