जयपुर। भारतीय जनता पार्टी विधायकों ने REET परीक्षा की जांच CBI से करवाने की अपनी मांग को राज्य के बजट पेश करने के दौरान भी जारी रखा। राज्य विधानसभा में एक तरफ जहां वित्त मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत राज्य का बजट पेश कर रहे थे, तो दूसरी तरफ विपक्षी सीटों पर बैठे भाजपा विधायकों ने बाहों पर काली पट्टी बांध रखी थी तथा हाथ में REET परीक्षा की जांच CBI से करवाने की मांग की तख्तियां लिए हुए थे।
जैसे विधानसभा की बैठक हुई विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी ने भाजपा विधायकों को टोकते हुए कहा कि वे बजट की गरिमा को ध्यान में रखते हुए बैठकर अपना विरोध का जो स्वरूप चाहे जारी रखे। भाजपा विधायक उस दौरान हाथों में तख्तियां लेकर खड़े थे। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के हाथ में हालांकि कोई तख्ती नजर नहीं आई और वह अपनी सीट पर बैठी ही नजर आई। अध्यक्ष के आग्रह के बाद भाजपा विधायक अपनी सीट पर बैठ गए।
