Headlines

IND vs SL: रोहित अब तीनों फॉर्मेट के कप्तान, टी20 और टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम का ऐलान

skysports pa images rohit sharma 5500518

नई दिल्ली: भारतीय टीम को टेस्ट टीम में नया कप्तान मिल गया है। अब तीनों फॉर्मेट की कमान रोहित शर्मा के हाथ में होगी। भारतीय चयन समिति के अध्यक्ष चेतन शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसका ऐलान किया। साथ ही श्रीलंका के खिलाफ खेली जाने वाली 3 मैचों की टी-20 और टेस्ट सीरीज के लिए भी टीम इंडिया का ऐलान कर दिया गया है। टी-20 सीरीज के लिए विराट कोहली और ऋषभ पंत को आराम दिया गया है।शार्दुल को श्रीलंका के खिलाफ टी20 और टेस्ट सीरीज के लिए आराम दिया गया है। उत्तर प्रदेश के बाएं हाथ के स्पिनर सौरभ कुमार को पहली बार भारतीय टेस्ट टीम में शामिल किया गया है। वे दक्षिण अफ्रीका में स्टैंडबाई के तौर पर गए थे।

रहाणे और पुजारा टेस्ट टीम से बाहर

अजिंक्य रहाणे और चेतेश्वर पुजारा को टेस्ट टीम से बाहर कर दिया गया है। चेतन शर्मा ने टीम घोषणा के समय कहा कि दोनों को सिर्फ श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर किया गया है। वे रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं। ये अच्छी बात है कि भारत के दो बड़े खिलाड़ी रणजी में खेल रहे हैं।

राहुल और सुंदर चोटिल, बुमराह टी20 और टेस्ट में उपकप्तान

दक्षिण अफ्रीका में भारतीय टेस्ट टीम की कप्तानी करने वाले ओपनर बल्लेबाज केएल राहुल और ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर को अनफिट होने के कारण श्रीलंका के खिलाफ टी20 और टेस्ट सीरीज बाहर रखा गया है। राहुल की जगह बुमराह टेस्ट और टी20 सीरीज में टीम इंडिया के उपकप्तान होंगे।

रोहित शर्मा टी20 और वनडे में पहले ही बन चुके हैं कप्तान

पिछले साल टी20 वर्ल्ड कप से पहले विराट कोहली ने क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट की कप्तानी से हटने का एलान किया। वर्ल्ड कप के बाद रोहित शर्मा को पहले टी20 और फिर वनडे का कप्तान बनाया गया। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर तीन टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-2 से मिली हार के बाद कोहली ने टेस्ट की कप्तानी से भी इस्तीफा दे दिया था। अब रोहित को सबसे लंबे फॉर्मेट में भी नेतृत्व करने का मौका दिया गया है।

भारत और श्रीलंका सीरीज का शेड्यूल

श्रीलंकाई टीम भारत के दौरे पर तीन टी20 और दो टेस्ट मैच खेलेगी। पहला टी20 मुकाबला लखनऊ में 24 फरवरी को खेला जाएगा। इसके बाद धर्मशाला में 26 और 27 फरवरी को दो टी20 मैच खेले जाएंगे। टेस्ट सीरीज की शुरुआत मोहाली में होगी। पहला मुकाबला चार मार्च से आठ मार्च तक खेला जाएगा। इसके बाद बेंगलुरु में दूसरा और अंतिम टेस्ट 12 से 16 मार्च तक आयोजित होगा।

टी20 टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), ऋतुराज गायकवाड़, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, वेंकटेश अय्यर, दीपक हुड्डा, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), भुवनेश्वर कुमार, दीपक चाहर, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, रवि बिश्नोई, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव और आवेश खान।

टेस्ट टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), मयंक अग्रवाल, प्रियांक पांचाल, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, हनुमा विहारी, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, केएस भरत, रविचंद्रन अश्विन, रविंद्र जडेजा, जयंत यादव, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह (उपकप्तान), मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, सौरभ कुमार।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *