जयपुर: कोरोना महामारी का नया हॉट स्पॉट राजधानी जयपुर बनती जा रही है। गुरुवार को जयपुर में पिछले 24 घंटे के अंदर 17 नये पॉजिटिव केस मिले है। इसमें 4 स्कूली बच्चे है। वहीं दो अन्य बच्चे भी पॉजिटिव मिले है, लेकिन वे ऑनलाइन क्लास ही ले रहे है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग जयपुर प्रथम डॉ. नरोत्तम शर्मा ने बताया कि आज जयपुर में कुल 17 केस मिले है। इसमें 4 स्कूल में पढ़ने वाले बच्चे है। जयपुर के झालाना स्थित एक सरकारी स्कूल के 2 बच्चे और भांकरोटा स्थित निजी स्कूल अन्य बच्चे भी पॉजिटिव मिले है। इसके अलावा 2 अन्य बच्चे भी पॉजिटिव मिले है, हालांकि वे दोनों ही ऑनलाइन और प्राइवेट ही घर पर पढ़ाई कर रहे है।
जयपुर में एरियावाइज स्थिति देखे तो आज बनीपार्क, सिविल लाईन्स, दुर्गापुरा, जमवारामगढ़, फागी, मानसरोवर और राजापार्क में 1-1 मरीज मिला है। वहीं मालवीय नगर, महेश नगर में 2-2 केस मिले है।
जयपुर में दो दिन पहले अजमेर रोड स्थित जयश्री पेड़िवाल स्कूल के ही 12 बच्चे एक साथ पॉजिटिव मिले थे। इससे पूरे जयपुर शहर में स्कूल संचालकों और पेरेंट्स में हड़कंप मच गया था।
फिलहाल खुले रहेंगे स्कूल
बुधवार को गहलोत सरकार के मंत्रिमंडल की बैठक हुई। यहां नए शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला स्कूलों में कोरोना गाइडलाइन तय करने का प्रस्ताव लेकर पहुंचे, लेकिन उस पर फैसला नहीं हुआ। मुख्यमंत्री इस प्रस्ताव पर पहले सभी जिलों के कलेक्टर और मेडिकल ऑफिसर्स से चर्चा करेंगे। फिर कोई फैसला लेंगे। नतीजा राजस्थान में फिलहाल स्कूल पहले की तरह ही खुले रहेंगे।

