जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने राहुल गांधी से 16 अक्टूबर को मुलाकात की खबरों को खारिज करते हुए साफ किया कि उनकी कोई मुलाकात नहीं हुई। हम लोग सिर्फ वर्किंग कमेटी की बैठक में मिले थे। इस दौरान हमारे बीच कोई बातचीत नहीं हुई। गहलोत के OSD भी इस मुलाकात का पहले ही खंडन कर चुके हैं।
गहलोत ने कहा- जब तक कैबिनेट का पुनर्गठन नहीं होगा, तब तक अफवाहों का खेल चलता रहेगा। इस खेल में मीडिया फंस गया है। गहलोत शनिवार को एसएमएस अस्पताल में गांधीवादी सुब्बाराव से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
आपको बता दे कि16 अक्टूबर को राहुल गांधी के घर पर राजस्थान को लेकर बैठक हुई थी पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की राहुल से मुलाकात नहीं हुई। खुद गहलोत ने साफ कर दिया कि इस बार के दिल्ली दौरे में न सोनिया गांधी और न राहुल गांधी ने उनसे मुलाकात की। राहुल गांधी के घर पर हुई बैठक को लेकर सियासी गलियारों में जिस तरह की चर्चाएं चलीं, उसका गहलोत ने खुद सामने आकर जिस अंदाज में खंडन किया है, उसने भी नई चर्चाओं को बल दे दिया है। गहलोत मीडिया पर भी जमकर बरसे और यहां तक कह दिया कि मुझे शर्म आती है कि मीडिया कहां जा रहा है।
गहलोत के इतने दिन बाद बयान जारी करने के भी कई मायने निकाले जा रहे हैं। राजनीतिक जानकारों के मुताबिक गहलोत के इस तरह के तेवर नए सियासी समीकरणों का इशारा कर रहे हैं।
